India vs Germany Hockey: 52 साल में पहली बार... भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, जर्मनी को हराकर विश्व कप में हासिल किया पांचवां स्थान

India vs Germany Hockey: महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। पांचवें और छठे स्थान के लिए हुए मैच में भारत ने जर्मनी को 3-1 से हराया और 52 साल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। साल 1974 में हुए पहले विश्व कप में महिला टीम चौथे स्थान रही थी।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। India vs Germany Hockey: विश्व कप में सिर्फ एक मैच हारने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन जारी रखते हुए नवनीत कौर के दो गोल की मदद से पांचवीं रैंकिंग वाली जर्मन टीम को 3 -1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। यह हॉकी वर्ल्ड कप के पिछले 52 साल में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। विश्व रैंकिंग में नौवे स्थान पर काबिज भारत को इस टूर्नामेंट में एकमात्र पराजय का सामना ओलंपिक चैम्पियन सह मेजबान नीदरलैंड के हाथों (0-2) करना पड़ा था। दूसरे दौर के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से गोलरहित ड्रॉ के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हुई कोच शोर्ड मारिन की टीम ने जर्मनी के खिलाफ सारी कसर निकालते हुए आखिरी 17 मिनट में तीन गोल दागे।

India Women Hockey

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास। फोटो- हॉकी इंडिया

पांचवें स्थान के लिए हुए मैच में भारत के लिए इशिका (43वां मिनट ), नवनीत (44वां और 47वां) ने गोल दागे। जर्मनी के लिये लिन क्रिंग्स ने 59वें मिनट में एकमात्र गोल दागा। इसी जर्मन टीम ने टूर्नामेंट से पहले दो अभ्यास मैचों में भारत को हराया था। क्लासीफिकेशन मैच में पहले 43 मिनट तक दोनों टीमों एक दूसरे को आजमाती रही, लेकिन कामयाबी नहीं मिली और आखिरी सत्रह मिनट में भारत ने जबरदस्त पासिंग, बेहतरीन फिनिशिंग और मजबूत रक्षण का प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। जर्मनी को मैच में पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय गोलकीपर और डिफेंस चट्टान की तरह अडिग रहा।

End of Feed