डेविस कप क्वालीफायर्स के पहले दौर में कनाडा की मेजबानी करेगा भारत

भारत अगले साल डेविस क्वालीफायर्स के पहले दौर में कनाडा की मेजबानी करेगा। जानिए कब होगी भारत और कनाडा के बीच भिड़ंत?

नई दिल्ली: भारत डेविस कप क्वालीफायर्स के पहले दौर में विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज कनाडा के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर खेलेगा जिस मुकाबले का आयोजन अगले साल पांच से सात फरवरी तक किया जाएगा। रविवार को इटली के बोलोगना में ड्रॉ निकाला गया। भारत को सितंबर में क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया से हार का सामना करना पड़ा था जबकि कनाडा इस सप्ताह की शुरुआत में फाइनल्स के क्वार्टर फाइनल में चेक गणराज्य से हार गया था। यह मुकाबला हाल में हुए अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के चुनावों के बाद भारतीय टीम का पहला मुकाबला होगा। चुनाव का परिणाम फिलहाल उच्च न्यायालय के पास सीलबंद लिफाफे में रखा गया है।

davis Cup

डेविस कप (फोटो क्रेडिय AI Generated)

इससे पहले एक बार हुआ है भारत-कनाडा का आमना सामना

भारत और कनाडा अब तक डेविस कप में केवल एक बार आमने-सामने आए हैं। सितंबर 2017 में एडमंटन में खेले गए मुकाबले में भारत को 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था। आगामी मुकाबला भारतीय टेनिस प्रशासन में नए अध्याय की शुरुआत भी कर सकता है। कप्तान के तौर पर रोहित राजपाल का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त होने वाला है।

क्या नया कप्तान संभालेगा कमान

यह देखना दिलचस्प होगा कि कनाडा के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की कमान नया कप्तान संभालेगा या नहीं और क्या आशुतोष सिंह टीम के कोच बने रहेंगे। आशुतोष को एआईटीए की आम सभा में चार उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (एसओएम) में से एक चुना गया है। राजपाल ने हाल ही में हुए एआईटीए अध्यक्ष पद के चुनाव में भी हिस्सा लिया था। वह इससे पहले एआईटीए के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

राजपाल नहीं हैं कार्यकाल को विस्तार देने के इच्छुक

राजपाल ने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में संकेत दिया था कि वह शायद कप्तान के तौर पर अपने कार्यकाल को विस्तार देने के इच्छुक नहीं हैं। इससे भारत के अगले डेविस कप मुकाबले से पहले टीम के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। लिएंडर पेस और रोहन बोपन्ना कप्तान पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार हो सकते हैं।

End Article
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रका...

End of Feed