FIH Pro League: FIH प्रो लीग के रिटर्न लेग में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-1 से करारी शिकस्त दी। लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 0-1 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए पाकिस्तान की डिफेंस लाइन को तहस-नहस कर दिया। दो दिन पहले ही भारत ने इसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 4-3 से हराया था, लेकिन शुक्रवार देर रात हुए मैच में भारतीय टीम कहीं ज्यादा आक्रामक नजर आई। खास बात यह रही कि भारत के लिए इस मैच में सात अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल दागे।
भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से पीटा (@FIH_Hockey)
पाकिस्तान की 1-0 से लीड गई बेकार
मैच की शुरुआत में भारत को नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह का फ्लिक पाकिस्तानी डिफेंस ने रोक लिया। इसका फायदा उठाते हुए पाकिस्तान ने 13वें मिनट में अबू महमूद के दमदार फ्लिक से पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को चौंका दिया। लेकिन भारत ने 20वें मिनट में बराबरी कर ली। हरमनप्रीत के फ्लिक को सुखजीत सिंह ने बड़ी खूबसूरती से डिफ्लेक्ट कर गोल में डाल दिया। 26वें मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत नहीं चूके और टॉप कॉर्नर में गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में भारत को 6 पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक ही मौका बना पाया।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने पूरी ताकत झोंक दी। 34वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। इसके ठीक एक मिनट बाद जुगराज सिंह ने तेज काउंटर अटैक पर फील्ड गोल दाग दिया। 41वें मिनट में अभिषेक ने सुखजीत के पास पर शानदार रिवर्स हिट से स्कोर 5-1 कर दिया। 44वें मिनट में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर के बाद राजकुमार पाल ने रिबाउंड पर छठा गोल किया। 54वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने मंदीप सिंह के पास पर स्कूप शॉट से भारत का सातवां गोल पूरा किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- फीफा वर्ल्ड कप में टूट गया 96 साल का रिकॉर्ड, आधे मैच में ही हो गए सीजन के सर्वाधिक गोल
एक दशक की बादशाहत हुई और मजबूत
पूरे मैच में भारत 36 बार सर्कल में घुसा और 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। तीन गोल फील्ड से आए। वहीं पाकिस्तान सिर्फ 18 बार सर्कल में घुस पाया और 6 पेनल्टी कॉर्नर ही ले सका। आखिरी मिनटों में मिले दो पेनल्टी कॉर्नर पर भी पाकिस्तानी टीम भारतीय डिफेंस को नहीं भेद पाई। इस जीत से भारत 15 मैचों में 4 जीत और 17 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं पाकिस्तान लीग स्टेज में अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाया है। यह तीसरा मौका है जब उसने एक मैच में 7 गोल खाए हैं। इस बड़ी जीत से भारत ने पाकिस्तान पर एक दशक से चली आ रही अपनी बादशाहत को और मजबूत कर लिया है।
