Asian Champions Trophy: मनदीप की हैट्रिक, बांग्लादेश को 13-0 से रौंदकर भारत का विजयी आगाज

Asian Champions Trophy: भारत ने मंगलवार को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज जीत के साथ किया। मनदीप सिंह की हैट्रिक गोल के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 13-0 से हरा दिया।

Asian Champions Trophy: पांच बार के चैंपियन भारत ने मनदीप सिंह की शानदार हैट्रिक की मदद से मंगलवार को ’एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी)’ हॉकी टूर्नामेंट में अपने अभियान का प्रभावशाली आगाज करते हुए एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से करारी शिकस्त दी। मनदीप ने तीसरे, 10वें और 54वें मिनट में गोल दागे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (दूसरे, 44वें मिनट), दिलप्रीत सिंह (43वें, 44वें मिनट) और उपकप्तान हार्दिक सिंह (60वें मिनट में दो गोल) ने दो-दो गोल किए। शिलानंद लाकड़ा (15वें), अभिषेक (18वें), नीलकांत शर्मा (26वें) और जुगराज सिंह (46वें मिनट) ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।

Hockey India

हॉकी इंडिया (साभार-X)

ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गत चैंपियन भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। खेल ज्यादातर बांग्लादेश के हाफ में हुआ और भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण करते हुए गोलों की झड़ी लगा दी। भारत ने दूसरे ही मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे कप्तान हरमनप्रीत ने शानदार लो फ्लिक के जरिए गोल में बदल दिया। अगले ही मिनट हरमनप्रीत के मिडफील्ड से दिए गए बेहतरीन पास पर मनदीप ने जोरदार शॉट लगाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दसवें मिनट में हरमनप्रीत के लंबे पास को अभिषेक ने सर्किल के भीतर हासिल किया और गेंद मनदीप तक पहुंचाई, जिन्होंने इसे गोल में डाल दिया। पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में शिलानंद ने सुखजीत सिंह के साथ बेहतरीन तालमेल बनाते हुए स्कोर 4-0 कर दिया।

End of Feed