स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024 गगन नारंग को है भरोसा, पेरिस में और पदक जीतेगा भारत

भारतीय दल के पेरिस ओलंपिक में प्रमुख गगन नारंग को इंडियन प्लेयर्स के अगले सप्ताह और पदक जीतने का भरोसा है। जानिए उन्होंने इस बारे में क्या कहा?

Image

गगन नारंग और अर्जुन बबूता

पेरिस: पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर की अगुवाई में निशानेबाजी में मिली सफलता से उत्साहित भारत के दल प्रमुख और लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता गगन नारंग ने कहा कि उन्हें यकीन है कि अगले सप्ताह में भारत को कई और पदक मिलेंगे। भारत ने अब तक तीन कांस्य पदक जीते हैं और तीनों निशानेबाजी में मिले हैं।

भारत अबतक जीत चुका है तीन पदक

मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल एकल और सरबजोत सिंह के साथ मिश्रित युगल में कांस्य जीता जबकि स्वप्निल कुसाले ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में भारत को पहला ओलंपिक पदक दिलाया। इसके अलावा अर्जुन बबूता 10 मीटर एयर राइफल में और मनु भाकर 25 मीटर एयर पिस्टल में चौथे स्थान पर रहीं। तीरंदाजी में अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा मिश्रित टीम में चौथे स्थान पर रहे।

नारंग ने कहा, बबूता पर है गर्व

नारंग ने कहा,'पेरिस में पहला सप्ताह काफी जज्बाती रहा। निशानेबाजों ने तीन पदक दिलाये और मनु,सरबजोत,स्वप्निल की कामयाबी से मैं काफी खुश हूं। मुझे याद है कि गोल्ड कोस्ट में 2017 राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में स्वप्निल के साथ भाग लिया था । उसने रजत पदक के लिये मुझे कड़ी चुनौती देते हुए कांस्य जीता था। उसे इस स्तर पर पहुंचकर भारत के लिये ओलंपिक पदक जीतते देखकर बहुत अच्छा लगा। मुझे अर्जुन बबूता पर भी गर्व है । भारतीय निशानेबाजों का ओलंपिक में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।'

इस सप्ताह भी जीतेंगे और पदक

उन्होंने अब तक भारत के प्रदर्शन के बारे में कहा,'मुझे खुशी है कि हमारे खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं । पदक विजेताओं को बधाई । इससे साबित होता है कि पिछले एक दशक से हम खेलों में कितना आगे बढे हैं । हमें अभी पेरिस में कई और पदक मिलेंगे। हर खिलाड़ी ओलंपिक खेलना चाहता है लेकिन बरसों की मेहनत के बाद मौका कुछ को ही मिलता है । ओलंपिक में जीत हार का अंतर बहुत कम होता है । पदक जीतना अहम है लेकिन खिलाड़ियों की इतने साल की मेहनत और उनके प्रयासों का भी सम्मान होना चाहिये । हमें हर ओलंपियन की उपलब्धि का जश्न मनाना चाहिये ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article