Cristiano Ronaldo: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के खिलाफ ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल ने 1-1 से ड्रॉ खेला। इस मैच के बाद फुटबॉल के लीजेंड थियरी हेनरी ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो की कड़ी आलोचना की है। हेनरी ने रोनाल्डो की एक गलती को हार के बराबर बताया। दरअसल, मैच के 68वें मिनट में फ्रांसिस्को कॉन्सेकाओ ने शानदार क्रॉस दिया। तब रोनाल्डो को शॉट लगाने की जगह बेहतर पोजीशन में खड़े ब्रूनो फर्नांडिस को पास देना सही होता। हालांकि, रोनाल्डो ने शॉट लिया और गेंद गोल से काफी दूर चली गई। इसके बाद फर्नांडिस निराश होकर घुटनों पर बैठ गए। पूरे वर्ल्ड कप फैंस ने उनका रिएक्शन देखा।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (फोटो साभार- @Cristiano)
थियरी हेनरी ने की आलोचना
फॉक्स स्पोर्ट्स पर कमेंट्री कर रहे 1998 वर्ल्ड कप विजेता थियरी हेनरी ने कहा, "रोनाल्डो गोल करने की चाह में गलती कर बैठे। अगर वह गेंद छोड़कर खाली जगह में दौड़ते तो डिफेंडर उनके पीछे जाता और फर्नांडिस के लिए गोल करना आसान हो जाता। पूरी टीम को गोल की जरूरत है, सिर्फ एक खिलाड़ी को नहीं।" हेनरी ने फर्नांडिस की बॉडी लैंग्वेज पर कहा, "ऐसा लगा जैसे वह कह रहे हों, 'बस गेंद छोड़ दो, मैं गोल कर दूंगा।' लेकिन ऐसा नहीं हुआ।" पुर्तगाल ने छठे मिनट में जोआओ नेवेस के हेडर से बढ़त ली थी। लेकिन पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में योआन विसा ने हेडर से स्कोर 1-1 कर दिया।
पूरे मैच में बेअसर नजर आए रोनाल्डो
रोनाल्डो पूरे मैच में बेअसर रहे। उन्होंने सिर्फ 25 बार गेंद छुई, 3 बार बॉल खोई और एक भी शॉट टारगेट पर नहीं लगा। इस ड्रॉ के बाद रोनाल्डो और मेसी की तुलना फिर शुरू हो गई है। एक दिन पहले हरी मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को 3-0 से जिताया था। रोनाल्डो के नाम 973 गोल हैं, मेसी से 59 ज्यादा। लेकिन वर्ल्ड कप में मेस्सी के 16 गोल हैं, रोनाल्डो के सिर्फ 8 गोल। हालांकि, अच्छी बात यह है कि पुर्तगाल के लिए अभी सब खत्म नहीं हुआ है। कोच रॉबर्टो मार्टिनेज की टीम को उज्बेकिस्तान और कोलंबिया से खेलना है। 48 टीमों वाले इस वर्ल्ड कप में ग्रुप की टॉप-2 टीमें अगले राउंड में जाएंगी।
