एम्स्टेलवीन: भारतीय महिला टीम को एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दौर के अपने पहले मुकाबले में मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ 0-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ खुलकर खेलने में और उनके डिफेंस को भेदने में नाकाम रही। भारतीय टीम को भले ही नीदरलैंड के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। नीदरलैंड के लिए गोल यानसेन यिब्बी और फेड्रिक माल्टा ने किया। भारतीय टीम को अगले मैच में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है। ऑस्ट्रेलिया को मात देकर भारतीय टीम के सेमीफाइनल के दरवाजे अपने लिए खेल सकती है।
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)
मैच के दूसरे मिनट में नीदरलैंड ने किया पहला गोल
मैच के पहले क्वार्टर में नीदरलैंड की टीम हावी दिख रही थी। मैच के दूसरे ही मिनट में मेजबान नीदरलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला। उस मौके का यानसेन यिब्बी ने पूरा फायदा उठाया और अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। फर्स्ट हॉफ के अंत में एक और पनल्टी कॉर्नर नीदरलैंड को मिला लेकिन उसपर कोई गोल नहीं हुआ। फर्स्ट क्वार्टर का अंत नीदरलैंड की 1-0 की बढ़त के साथ हुआ। नीदरलैंड को पहले क्वार्टर में तीन पेनल्टीकॉर्नर मिले जिसमें से केवल एक गोल में तब्दील हो सका। भारतीय टीम कोई मौका गोल करने का नहीं बना सकी।
हॉफ टाइम तक नीदरलैंड था 1-0 से आगे
इसके बाद सेकेंड क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। भारतीय टीम को 19वें मिनट में दो पनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन इस मौके का फायदा वो नहीं उठा सकी। दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने दम दिखाया और कोई पेनल्टीकॉर्नर नीदरलैंड को नहीं दिया। हॉफ टाइम तक नीदरलैंड की टीम 1-0 से आगे थी।
तीसरे क्वार्टर में माल्टा ने किया नीदरलैंड के लिए दूसरा गोल
मैच के सेकेंड हॉफ की शुरुआत भी नीदरलैंड ने आक्रामक शुरुआत की। 32वें मिनट में नीदरलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन यह गोल में तब्दील नहीं हो सका। नीदरलैंड की टीम 38वें मिनट में मिले पेनल्टी को गोल में तब्दील करके बढ़त को दोगुना करने में सफल रही। ये गोल फेड्रिक माल्टा ने किया। तीसरे क्वार्टप में नीदरलैंड को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले और इसमें से एक गोल में तब्दील हो सका। तीसरे क्वार्टर का अंत नीदरलैंड ने 2-0 की बढ़त के साथ किया।
भारत ने 2-0 से गंवाया मैच
मैच के चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों कोई गोल नहीं कर सकीं भारतीय टीम को गोल करने का एक शानदार मौका मैच के खत्म होने से ढाई मिनट पहले मिला था। गेंद नीदरलैंड के गोलकीपर के हेलमेट से लगकर बाहर चली गई। मैच का अंत नीदरलैंड ने 2-0 के अंतर से किया। मैच में नीदरलैंड का दबदबा दिखा। मेजबान टीम ने 60 प्रतिशत समय गेंद अपने कब्जे में रखी और 22 बार गोल टारगेट पर मारने की कोशिश की वहीं भारतीय टीम ने 40 प्रतिशत समय गेंद अपने पास रखी लेकिन केवल 6 बार गेंद को निशाने पर रख सके।
