फीफा विश्व कप ट्रॉफी की कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश, असली 18 कैरेट सोने से बनी

FIFA World Cup Trophy Price: दुनिया की प्रमुख खेल ट्रॉफियों में फीफा विश्व कप इकलौती ट्रॉफी है जो सोने से बनी है। यूएफा चैंपियंस लीग और यूरोपा लीग की ट्रॉफियां स्टर्लिंग सिल्वर से बनती हैं। फीफा विश्व कप ट्रॉफी में लगे सोने का बाजार मूल्य बढ़कर लगभग 7.13 लाख डॉलर यानी 6.73 करोड़ रुपये हो गया है।

FIFA World Cup Trophy Price: वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में आई ऐतिहासिक तेजी का असर अब फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर भी साफ दिख रहा है। फीफा विश्व कप ट्रॉफी में लगे सोने का बाजार मूल्य बढ़कर लगभग 7.13 लाख डॉलर यानी 6.73 करोड़ रुपये हो गया है। वित्तीय बाजार डेटा प्रदाता एलएसईजी के मुताबिक यह आंकड़ा 2022 कतर विश्व कप के समय की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। फीफा विश्व कप ट्रॉफी 18 कैरेट सोने से बनी है। इसका कुल वजन 6.175 किलोग्राम है, जिसमें करीब 4.93 किलोग्राम शुद्ध सोना शामिल है। पिछले दो साल में भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध की अनिश्चितता और वैश्विक अर्थव्यवस्था की सुस्त रफ्तार ने निवेशकों को सोने की तरफ मोड़ा। इसी का नतीजा है कि ट्रॉफी में जड़ा सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।

FIFA World Cup Trophy

फीफा विश्व कप ट्रॉफी की कीमत (FIFA)

52 साल में ट्रॉफी का दाम बढ़ा 28 गुना

एलएसईजी मेटल्स रिसर्च के वरिष्ठ धातु विश्लेषक देबाजित साहा कहते हैं, "सोने की कीमतों में हाल के शिखर से थोड़ी नरमी आई है, लेकिन लंबी अवधि का रुझान अब भी बेहद मजबूत है। खिलाड़ियों के लिए विश्व कप ट्रॉफी का महत्व अमूल्य है, लेकिन इसमें मौजूद सोने का मूल्य बताता है कि वर्षों में कीमती धातु की कीमत कितनी तेजी से बढ़ी है।" आंकड़े इस बदलाव की कहानी खुद बयां करते हैं। जब दिसंबर 2022 में अर्जेंटीना ने कतर में खिताब जीता था, तब ट्रॉफी के सोने का मूल्य करीब 2.77 लाख डॉलर था। वहीं 1974 में जब मौजूदा डिजाइन की ट्रॉफी पहली बार दी गई थी, तब इसमें लगे सोने की कीमत सिर्फ 25,000 डॉलर थी। यानी 52 साल में ट्रॉफी का मेटल वैल्यू 28 गुना बढ़ गया।

End of Feed