FIFA World Cup 2022: 'करो या मरो' के फेर में फंसी जर्मनी की टीम, स्पेन के खिलाफ ड्रॉ ने बढ़ाई मुश्किलें

  • Agency by: भाषा
  • Updated Nov 28, 2022, 11:34 AM IST

Spain vs Germany in FIFA World Cup 2022: जर्मनी की टीम कतर में खेले जा रहे फीफा विश्व कप में 'करो या मरो' के फेर में फंस गई है। ग्रुप ई में जर्मनी और स्पेन के बीच हुआ मुकाबला ड्रॉ पर छूटा।

अल खोर (कतर): जर्मनी ने स्पेन के खिलाफ फीफा विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अपना मैच 1-1 से ड्रॉ खेला और अब अगर चार बार के विश्व चैंपियन को लगातार दूसरी बार पहले दौर में बाहर होने से बचना है तो उसे अपने अंतिम लीग मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। स्थानापन्न खिलाड़ी निकलास फुलक्रुग ने रविवार को खेले गए इस मैच में 83वें मिनट में गोल करके जर्मनी को बराबरी दिलाई। इससे पहले अल्वारो मोराटा ने 62वें मिनट में स्पेन को बढ़त दिलाई थी।

स्पेन बनाम जर्मनी

जर्मनी ने इस मैच में एक अंक लेकर अपनी उम्मीदें तो जीवंत रखी लेकिन उसके लिए आगे की राह भी आसान नहीं है लेकिन फुलक्रुग को विश्वास है कि उनकी टीम नॉकआउट चरण में जगह बनाने में सफल रहेगी। फुलक्रुग ने कहा,‘‘ हमारे लिए यह अंक हासिल करना महत्वपूर्ण था। हमारे पास निश्चित तौर पर अगले दौर में जाने का मौका है। अब हम अंतिम मैच में अच्छी भावना के साथ उतरेंगे और उम्मीद है कि सब कुछ सही होगा।’’ जर्मनी अपने पहले मैच में जापान से हार गया था और अब उसके भाग्य का फैसला गुरुवार को कोस्टारिका के खिलाफ होने वाले मैच से तय होगा।

End of Feed