पुर्तगाल फुटबॉल टीम के स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब तक फीफा विश्व कप 2022 कतर में अपना पहला मुकाबला खेलने नहीं उतरे हैं लेकिन उन्होंने उससे पहले ही एक रिकॉर्ड बना दिया है। बस फर्क इतना है कि ये रिकॉर्ड मैदान पर खेल के दौरान नहीं बल्कि सोशल मीडिया पोर्टल इंस्टाग्राम पर बनाया है। वो इंस्टाग्राम पर 500 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो (AP)
हाल में मैनचेस्टर युनाइटेड को लेकर दिए एक विस्फोटक इंटरव्यू के बाद लगातार चर्चा में बने हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब कतर में हैं और फीफा विश्व कप 2022 की तैयारियों में व्यस्त हैं। इसी बीच इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स का आंकड़ा सभी हदें पार करते हुए 500 मिलियन के आंकड़े तक जा पहुंचा जो एक विश्व रिकॉर्ड भी है।
वैसे सिर्फ इंस्टाग्राम ही नहीं, बल्कि रोनाल्डो सोशल मीडिया के अन्य मंचों पर भी काफी लोकप्रिय हैं। ट्विटर पर उनके 105 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक पर 154 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स उनके दीवाने हैं। उनके अलावा खेल जगत से लियोनेल मेस्सी, नेमार, क्रिकेटर विराट कोहली और बास्केटबॉल खिलाड़ी लेब्रॉन जेम्स कुछ अन्य खिलाड़ी हैं जो भारी-भरकम फॉलोअर्स संख्या होने का दम भरते हैं।
