Yashasvi Jaiswal: भारत के युवा बैटिंग स्टार यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड दौरे पर अपने शानदार फॉर्म को बर्मिंघम में बुधवार से शुरू हुए दूसरे टेस्ट में भी जारी रखा। यशस्वी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और शतक पूरा करने की दिशा में बढ़ गए। लेकिन 87 के स्कोर पर उनकी पारी का अंत इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने कर दिया। इसके साथ ही उन्हें इंग्लैंड दौरे पर लगातार दूसरा शतक जड़ने से रोक दिया। यशस्वी ने अपनी पारी में 13 चौके जड़े।
यशस्वी जायसवाल
बड़े रिकॉर्ड से रह गए 10 रन दूर
यशस्वी अगर अपनी पारी में 10 और जोड़ लेते तो वो भारत के लिए सबसे कम पारियों और टेस्ट में 2 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बन जाते। यशस्वी के नाम 21 टेस्ट की 39 पारियों में 1990 रन हो गए हैं। ये रन उन्होंने 53.78 के औसत से बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। भारत के लिए सबसे तेज गति से टेस्ट में 2 हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के नाम दर्ज है। दोनों ने 40-40 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं सबसे कम टेस्ट में 2 हजारी बनने के मामले में सुनील गावस्कर सबसे आगे हैं। उन्हें 23वें टेस्ट में ये कारनामा कर दिखाया था।
बराबरी का मौका है बाकी
यशस्वी भले ही बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 10 रन के अंतर से ये रिकॉर्ड अपने नाम करने से चूक गए लेकिन उनके पास दूसरी पारी में इस उपलब्धि को अपने नाम करने का मौका शेष है। अगर वो अगली पारी में 10 रन बना लेते हैं तो द्रविड़ और सहवाग की बराबरी कर लेंगे। वहीं सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड 21वें टेस्ट में 2 हजार टेस्ट रन पूरे करके तोड़ देंगे।
ब्रैडमैन के रिकॉर्ड पर है नजर
यशस्वी जायसवाल का बल्ला इंग्लैंड के खिलाफ खूब चल रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अबतक खेले 7 टेस्ट मैच की 12 पारियों में 82.18 के औसत से 904 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज गति से एक हजार रन पूरे करने के लिए उन्हें 96 रन और बनाने हैं। अगर वो बर्मिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में इतने रन बना लेते हैं तो सबसे तेज गति से ये कारनामा करने के मामले में सर डॉन ब्रैडमैन की बराबरी कर लेंगे।
