AUS vs SA, WTC Final Day 1: पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने 212 रन पर ढेर होने के बाद की धमाकेदार वापसी, बैकफुट पर दक्षिण अफ्रीका

ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले के पहले दिन 212 रन पर ढेर होने के बाद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए मैच में वापसी कर ली है। 43 रन पर 4 विकेट गंवाकर दक्षिण अफ्रीकी टीम बैकफुट पर नजर आ रही है। ऐसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

लंदन: तेज गेंदबाजों कागिसो रबाडा (51 रन पर पांच विकेट) और मार्को यानसेन (49 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया को 212 रन पर समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका की भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के पहले दिन बुधवार को शुरुआत खराब रही और उसने 43 रन तक चार विकेट गंवा दिए। मिचेल स्टार्क (10 रन पर दो विकेट) ने दोनों सलामी बल्लेबाजों ऐडन मारक्रम (00) और रेयान रिकेल्टन (16) को जल्दी पवेलियन भेजकर ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। कप्तान पैट कमिंस (14 रन पर एक विकेट) और जोश हेजलवुड (10 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया। दिन का खेल खत्म होने पर डेविड बेडिंघम आठ जबकि कप्तान तेम्बा बावुमा तीन रन बनाकर खेल रहे थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब भी ऑस्ट्रेलिया से 169 रन से पीछे है।

Australia vs South Africa WTC Final Day one

ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल पहला दिन

ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले ब्यू वेबस्टर (72 रन, 92 गेंद, 11 चौके) और स्टीव स्मिथ (66 रन, 112 गेंद, 10 चौके) ने पांचवें विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी करके उस समय मुश्किल से उबारा जब टीम 67 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। इन दोनों के अलावा एलेक्स कैरी (23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। वेबस्टर और कैरी ने छठे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी भी की।

End of Feed