ऐसकोच्चि: केरल के कोच्चि में विमेंस प्रीमियर लीग के पांचवें सीजन के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में कुल 27 खिलाड़ी नीलाम हुई। इनमें सबसे बड़ी बोली ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर सोफी मोलिन्यू पर लगी। 40 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ नीलामी में उतरीं सोफी को यूपी वॉरियर्स ने अपनी टीम में 1.10 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर शामिल किया। किरन नवगिरे को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा। वो नीलामी की सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी रहीं।
सोफी मोलिनी(फोटो क्रेडिट WPL/BCCI)
आरसीबी के साथ जीत चुकी हैं खिताब
सोफी मोलिन्यू इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की सदस्य थीं। साल 2024 और 2025 में आरसीबी के साथ 30 लाख रुपये की कीमत पर मोलिन्यू जुड़ी थीं। साल 2024 की खिताब जीतने वाली आरसीबी की वो सदस्य रही थीं। पिछले सीजन चोट की वजह से मोलिन्यू नहीं खेल सकी थीं। ऐसे में नीलामी के जरिए उनकी लीग में वापसी हुई और वो 1.10 करोड़ की मोटी कीमत वो हासिल करने में सफल रहीं।
डब्लूपीएल में ऐसा रहा है प्रदर्शन
28 वर्षीय सोफी मोलिन्यू ने अबतक डब्लूपीएल में खेले 10 मैच की 10 पारी में गेंदबाजी करते हुए 23.16 के औसत और 7.31 की इकोनॉमी के साथ कुल 12 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी दौरान उन्होंने बल्लेबाजी में 10 मैच की 7 पारी में एक बार नाबाद रहते हुए 13 के औसत और 92.85 के स्ट्राइक रेट से 78 रन बनाए हैं। 33 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
शानदार है टी20 रिकॉर्ड
सोफी मोलिन्यू की टी20 फॉर्मेट में गेंदबाजी रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने हंड्रेड में 16, विमेंस बिग बैश लीग में 97, विमेंस प्रीमियर लीग में 10 और अंतरराष्ट्रीय टी20 में 57 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने द हंड्रेड में 193, बिग बैश लीग में 1742 और डब्लूपीएल में 78 रन का योगदान दिया है। वहीं T20I में 118 रन बनाए हैं। ऐसे ही शानदार प्रदर्शन की उम्मीद यूपी वॉरियर्स को है।
