डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार की शाम भारतीय क्रिकेट के एक नए युग की शुरुआत हो गई। पहले मैच में मुंबई इंडियंस और गुजरात जाएंट्स के बीच मुकाबला हुआ और हरमन की सेना ने 143 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर बाकी टीम को चेतावनी दे दी कि उनके लिए मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है।
हरमनप्रीत कौर, कप्तान मुंबई इंडियंस
इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गए खिलाड़ी
विमेंस प्रीमियर लीग के पहले मुकाबले में हरमनप्रीत कौर, तनुजा कंवर, हरलीन देओल, हेली मैथ्यूज जैसी खिलाड़ी हमेशा के लिए विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में दर्ज हो गए।
WPL में पहला विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनीं तनुजा
WPL 2023 में पहला विकेट लेने का श्रेय तनुजा कंवर को गया। गुजरात जाएंट्स की स्पिन गेंदबाज तनुजा ने मैच के तीसरे ही ओवर में यास्तिका भाटिया को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी वेयरहम के हाथों कैच कराया।
पहला छक्का जड़ने का श्रेय हेली मैथ्यूज के नाम रहा
मुंबई की तरफ से ओपनिंग करने उतरी हेली मैथ्यूज ने WPL का पहला छक्का जड़ा। उन्होंने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर तेज गेंदबाज मानसी जोशी को छक्का जड़ा।
शून्य पर आउट होने वाली पहली खिलाड़ी बनीं हरलीन
WPL में शून्य पर आउट होने वाली पहली खिलाड़ी बनीं हरलीन देओल जिन्हें सिवर ब्रंट ने आउट किया।
मुंबई की कप्तान के बल्ले से निकला WPL का पहला अर्धशतक
मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने धमाकेदार अंदाज में अर्धशतकीय पारी खेल अपनी टीम के लिए एक विशाल स्कोर बनाने में मदद की। उन्होंने 14 चौकों की मदद से 30 गेंद पर 65 रन की पारी खेली। उन्होंने एमिलिया कैर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 89 रन जोड़े जो WPL की पहली अर्धशतकीय साझेदारी भी बनी। मुंबई का अगला मुकाबला 6 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ होगा।
