इंदौर: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम को इंदौर में खेले गए रोमांचक मुकाबले में 4 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को जीत के लिए 289 रन का लक्ष्य मिला था। टीम इंडिया को स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने जीत के मुहाने तक अपनी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पहुंचा दिया था। लेकिन अंतिम ओवरों में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। जीत के लिए अंतिम ओवर में टीम इंडिया 14 रन नहीं बना सकी। दीप्ति शर्मा के आउट होते ही भारतीय टीम की जीत का आशाएं खत्म हो गईं। भारतीय टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 284 रन बना सकी। इस मैच में जीत के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बाद तीसरी टीम बन गई है।
इंग्लैंड बनाम भारत, महिला विश्व कप 2025 हाईलाइट्स
खराब शुरुआत के बाद हरमन और मंधाना ने संभाली पारी
जीत के लिए 289 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल 6 रन बनाकर लॉरेन बेल की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठीं। इसके बाद हरलीन देओल को चार्ली डीन ने एलबीडब्लू कर दिया। देओल 24(31) रन बना सकीं। 42 रन पर भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाला और टीम को 19.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद मंधाना ने अपना अर्धशतक 60 गेंद में 4 चौके की मदद से पूरा किया। इसके बाद हरमनप्रीत ने भी मौजूदा वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक 7 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 104 गेंद में पूरी कर ली। दोनों ने टीम को 28.1 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। 167 के स्कोर पर ये साझेदारी टूट गई। हरमनप्रीत कौर को नैट सीवर ब्रंट ने प्वाइंट पर कैच करा दिया। उन्होंने 70(70) रन की पारी खेली।
दीप्ति और मंधाना के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी, मंधाना शतक से चूकीं
हरमनप्रीत कौर के आउट होने के बाद मंधाना का साथ देने दीप्ति शर्मा आईं। दीप्ति और मंधाना ने रन गति को बनाए रखा और भारत को 36 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 45 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन इस साझेदारी को लिन्से स्मिथ ने 42वें ओवर की दूसरी गेंद पर तोड़ दिया। मंधाना 94 गेंद पर 88 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और अपना शतक पूरा करने से चूक गईं। 234 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा।
दीप्ति ने जड़ा अर्धशतक, अहम मौके पर गंवाया विकेट
मंधाना के आउट होने के बाद भारत की पारी को दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष के साथ आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 254 रन तक ले गईं। लेकिन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में ऋचा कैच दे बैठीं। उन्होंने 8 रन बनाए और नैट सीवर ब्रंट का शिकार बनीं। इससे पहले दीप्ति ने अपना अर्धशतक 55 गेंद में 5 चौके की मदद से पूरा किया लेकिन इसी स्कोर पर छक्का जड़ने की कोशिश में दीप्ति कैच दे बैठीं। 47वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दीप्ति पवेलियन लौट गईं। 262 के स्कोर पर भारत ने छठा विकेट गंवाया।
अंतिम ओवर में जीत के लिए भारत नहीं बना पाया 14 रन
19 गेंद पर भारत को 27 रन बनाने थे। ऐसे में अमनजोत कौर और स्नेह राणा ने मोर्चा संभाला। अंतिम 12 गेंद पर भारत को जीत के लिए 23 रन बनाने थे। 19वें ओवर में अमनजोत और राणा ने 9 रन जोड़े। अंतिम 6 गेंद में जीत के लिए भारत को 14 रन की दरकार थी लेकिन दोनों केवल 9 रन बना सकीं और मैच भारत के हाथ से अंतिम ओवरों में निकल गया।
इंग्लैंड ने बनाए 8 विकेट पर 288 रन
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अहम मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कै फैसला किया और हीथर नाइट (109) की शानदार शतकीय और एमी जोन्स (56 रन) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 8 विकेट पर 288 रन का स्कोर खड़ा किया। शानदार शुरुआत के बावजूद इंग्लिश टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन बना सकी। इंग्लिश टीम को इस स्कोर पर रोकने में सबसे अहम भूमिका दीप्ति शर्मा ने अदा की। दीप्ति ने 51 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए और इंग्लैंड की लय बिगाड़ दी। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जब भी विकेट झटकने के लिए दीप्ति की लगाया तो यह अनुभवी ऑफ स्पिनर भरोसे पर खरी उतरी।
हीथर नाइट ने जड़ा करियर का तीसरा शतक
अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही हीथर नाइट ने तूफानी बल्लेबाजी के दौरान 91 गेंद खेलीं और इस दौरान 15 चौके और एक छक्का लगाया। इस तरह उन्होंने अपना तीसरा वनडे शतक और महिला वनडे में अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। कप्तान ने दीप्ति को 16वें ओवर तक गेंदबाजी नहीं कराई। दीप्ति ने 16वें ओवर में टैमी ब्यूमोंट (22) को आउट कर अपना 150वां विकेट लिया और फिर एमी को भी आउट किया। दीप्ति ने पारी के अंत में एम्मा लैम्ब (11) और एलिस कैप्सी (02) को आउट करके इंग्लैंड की रन गति पर लगाम कसने में मदद की और विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
नाइट और ब्रंट के बीच हुई शतकीय साझेदारी
पूर्व कप्तान नाइट ने शानदार स्ट्राइक रोटेट की और कप्तान नटाली साइवर-ब्रंट (38) के साथ 106 गेंद में 113 रन की साझेदारी की। दोनों आसानी से बाउंड्री लगाईं जिससे इंग्लैंड मजबूत स्कोर की ओर बढ़ रहा था। इससे पहले सलामी बल्लेबाज और ब्यूमोंट ने इस टूर्नामेंट में पहली बार शुरुआती 10 ओवर सफलतापूर्वक खेले और पहले विकेट के लिए 77 रन साझेदारी की। लेकिन बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (68 रन देकर दो विकेट) ने साइवर-ब्रंट को आउट किया और इसके बाद इंग्लैंड की बल्लेबाजी दबाव में बिखर गई।
अंतिम 10 ओवर में इंग्लैंड ने गवांए 5 विकेट
45वें ओवर में स्नेह राणा के सटीक थ्रो पर नाइट के रन आउट होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। इसके बाद से भारत पूरी तरह से इंग्लैंड पर हावी हो गया और अंतिम 10 ओवरों में पांच विकेट गंवाने से उनके मध्यक्रम की कमजोरियां एक बार फिर उजागर हो गईं।
