ACC Womens Emerging Asia Cup 2025 Postponed: एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने सोमवार को घोषणा की कि श्रीलंका में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और सार्वजनिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण महिला एमर्जिंग टीम एशिया कप टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट 6 जून से शुरू होना था।एसीसी ने यह निर्णय श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा के पत्र के बाद लिया, जिसमें उन्होंने मौसम की खराब स्थिति और चिकनगुनिया बीमारी के प्रसार को लेकर चिंता जताई थी। सिल्वा ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन रजा नकवी को लिखे पत्र में टूर्नामेंट को स्थगित करने का अनुरोध किया था।
एसीसी इमर्जिंग एशिया कप 2025 (फोटो -BCCI)
एसीसी ने जताई प्रतिबद्धता
एसीसी अध्यक्ष मोहसिन रजा नकवी, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के भी प्रमुख हैं, ने कहा कि परिषद महिला क्रिकेट और उभरती प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "एसीसी युवा महिला क्रिकेटरों को अपने कौशल को निखारने और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर देने के लिए समर्पित है। हम इस टूर्नामेंट के रणनीतिक महत्व को समझते हैं और जल्द से जल्द इसे फिर से आयोजित करने का प्रयास करेंगे।"नकवी ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट की नई तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
पुरुष एशिया कप पर भी मंडरा रहा खतरा
एसीसी के एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि सितंबर में होने वाले पुरुष एशिया कप टी20 के आयोजन को लेकर भी संदेह की स्थिति बनी हुई है। भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव के कारण भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के लिए पाकिस्तानी टीम को आमंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। सूत्र ने कहा, "मौजूदा हालात को देखते हुए, मुझे नहीं लगता कि एशिया कप हो पाएगा। बीसीसीआई के लिए पाकिस्तान को आमंत्रित करने की अनुमति लेना मुश्किल होगा।"इस प्रकार, एशियाई क्रिकेट में दो प्रमुख टूर्नामेंट्स अनिश्चितता के घेरे में हैं, जिससे खेल प्रेमियों को निराशा हाथ लग सकती है।
