Rohit Sharma and Virat Kohli in ODI World cup 2027: भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने माना कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक फिट रहकर टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा। पीटीआई को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में गांगुली ने कहा, "हम सभी को समझना होगा कि एक दिन खेल उनसे दूर हो जाएगा। यह प्रकृति का नियम है।"
रोहित विराट (फोटो- PTI)
2027 तक बने रहना होगा मुश्किल
अगला वनडे विश्व कप 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। उस समय तक कोहली 38 और रोहित 40 साल के हो चुके होंगे। गांगुली ने बताया कि अगले तीन साल में भारत को सिर्फ 27 वनडे (9 बायलैटरल सीरीज) खेलने हैं, यानी साल में महज 15 मैच। उन्होंने कहा, "इतने कम मैचों के साथ फॉर्म और फिटनेस बनाए रखना आसान नहीं होगा।"
"मैं नहीं दूंगा कोई सलाह"
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली और रोहित ने 2027 वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जताई है। गांगुली से पूछे जाने पर कि वह दोनों को क्या सलाह देंगे, उन्होंने कहा, "मैं कोई सलाह नहीं दूंगा। वे अपने करियर को बेहतर समझते हैं। उन्हें खुद फैसला लेना होगा।"हालांकि, गांगुली ने माना कि "विराट जैसा खिलाड़ी मिलना मुश्किल है", लेकिन वह भारतीय क्रिकेट को लेकर चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा, "टीम में नए खिलाड़ी आएंगे। विराट का विकल्प ढूंढने में समय लगेगा, लेकिन मैं निराश नहीं हूं।"
युवराज को लेकर क्या कहा गांगुली ने?
गांगुली ने युवराज सिंह को याद करते हुए कहा, "मैंने पहली बार नैरोबी में उन्हें देखा था और तभी समझ गया था कि वह खास हैं।" उन्होंने कहा कि युवराज ने 2007 T20 वर्ल्ड कप (प्लेयर ऑफ द सीरीज) और 2011 ODI वर्ल्ड कप (प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।लेकिन गांगुली ने कहा, "दुर्भाग्य से उन्हें टेस्ट क्रिकेट में उतने मौके नहीं मिले। वह द्रविड़, तेंदुलकर, मैं और लक्ष्मण के बीच फंस गए। फिर भी, वह एक विशेष खिलाड़ी थे।"
