IPL 2024, Will Hardik Pandya Quit As MI Captain: कुछ दिग्गज खिलाड़ियों का करियर इतना उतार-चढ़ाव भरा होता है कि उनके आंकड़ों और काबीलियत से ज्यादा चर्चा अन्य चीजों की होती रहती है। भारत के दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का क्रिकेट करियर भी कुछ ऐसा ही रहा है। वो एक शानदार क्रिकेटर हैं, लेकिन तमाम सफलताओं के बीच कभी किसी इंटरव्यू की वजह से, कभी बड़े इवेंट में चोटिल होने की वजह से तो कभी अन्य कारणों से उनका करियर अजीबोगरीब सफर पर रहता है। ताजा चर्चा है आईपीएल में उनकी कप्तानी को लेकर।
हार्दिक पांड्या (AP)
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2024 से पहले भविष्य को नजर में रखते हुए एक ऐसा कदम उठाया जो तमाम लोगों के गले नहीं उतरा। उन्होंने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर गुजरात टाइटंस से ट्रेड किए गए हार्दिक पांड्या को टीम का कप्तान बना दिया। फैंस को इस फैसले से ऐतराज इसलिए हुआ क्योंकि ये वही रोहित शर्मा हैं जिन्होंने भारतीय टीम को हाल ही में लगातार 10 मुकाबले जिताकर विश्व कप फाइनल में पहुंचाया था और ये वही रोहित शर्मा हैं जिनके नाम मुंबई इंडियंस को रिकॉर्ड 5 खिताब जिताने का रिकॉर्ड दर्ज है। हार्दिक ने भी गुजरात टाइटंस को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाकर अपनी कप्तानी का दम दिखाया लेकिन चर्चा चल पड़ी कि क्या वो रोहित से बेहतर कप्तान हैं?
हूटिंग, हार की हैट्रिक और हाहाकार
हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के नए कप्तान के रूप में आईपीएल 2024 खेलने उतरे और पहले मैच में गुजरात टाइटंस ने उनकी टीम को शिकस्त दे दी। इस मैच से पहले उसी अहमदाबाद के मैदान पर फैंस ने हार्दिक के खिलाफ हूटिंग करके अपनी नाराजगी जताई, जिस मैदान पर पिछले दो आईपीएल सीजन में गुजरात के चैंपियन कप्तान के रूप में पांड्या स्टार हुआ करते थे। फिर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उतरे तो गजब ही हो गया। हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करते हुए मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी। यहां भी पांड्या को लेकर हूटिंग हुई। लेकिन मामला तब और पेचीदा हो गया जब तीसरे मैच में मुंबई इंडियंस की टीम अपने ही मैदान पर राजस्थान रॉयल्स से हार गई और यहां पर स्थानीय फैंस भी उन पर नाराजगी जाहिर करने से पीछे नहीं रहे। इस हार की हैट्रिक ने हार्दिक को चौतरफा आलोचनाओं का शिकार बना दिया है।
हार्दिक ने सोशल मीडिया पर लिखा संदेश
हार की हैट्रिक पूरी होने के बाद तो हार्दिक पांड्या ने ज्यादा कुछ नहीं बोला लेकिन अगले दिन उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला जिसमें उन्होंने लिखा कि उनकी टीम हार नहीं मानती, वो संघर्ष करेंगे और वापसी करेंगे। अब ऐसा पोस्ट करना किसी वादे से कम नहीं है जिससे पांड्या पर दबाव बढ़ना तय है। अगला मुकाबला उनका दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई में होगा।
क्या छोड़ देंगे कप्तानी?
रोहित से कप्तानी का सिंहासन लेना, फिर हार की हैट्रिक और उसके बाद सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट जो एक तरह से अगले मैच में जीत का दावा करता है। मुंबई इंडियंस के फैंस करोड़ों में हैं और वे टीम और रोहित शर्मा को लेकर भावुक भी रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर कयास लगाए जाने लगे हैं कि अगर अगले मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को चौथी हार थमा दी तो क्या हार्दिक पांड्या खुद कप्तानी छोड़ देंगे या फिर टीम प्रबंधन एक बार फिर रोहित शर्मा को कप्तानी सौंपना चाहेगा। ये सवाल लगातार चर्चा में है और अब सबकी नजरें 7 अप्रैल को होने वाले दिल्ली-मुंबई मैच पर टिक गई हैं जहां वानखेड़े स्टेडियम में हार्दिक पांड्या जरूर दबाव में होंगे।
