WI vs ENG 1st ODI, Sam Curran Registers Unwanted Record: नॉर्थ साउंड में खेले गए इंग्लैंड और मेजबान वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 4 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। विश्व कप 2023 में खराब प्रदर्शन करने के बाद फिर से इस प्रारूप को खेलने उतरी इंग्लिश टीम 326 रनों का लक्ष्य देने के बाजवूद इसका बचाव नहीं कर सकी। यहां सबसे बड़े विलेन बने इंग्लैंड के ऑलराउंडर और आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी सैम करन जिन्होंने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
सैम करन (AP)
इस पहले वनडे मुकाबले में मेहमान इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 325 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड इस मैच में हावी रहेगी, लेकिन कैरेबियाई टीम के बल्लेबाजों ने ऐसी धमाकेदार बल्लेबाजी की जिसने इंग्लैंड की सभी उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया। वेस्टइंडीज ने शाई होप के धुआंधार शतक (नाबाद 109) के दम पर 48.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
सैम करन की गेंदों की रिकॉर्ड धुनाई
इस दौरान इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन सबसे महंगे अंग्रेज गेंदबाज साबित हुए। सैम करन ने अपने 9.5 ओवर में 98 रन लुटा डाले और कोई विकेट भी नहीं लिया। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 9.96 का रहा। ये शर्मनाक प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए किसी गेंदबाज का वनडे क्रिकेट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा रन लुटाने का रिकॉर्ड है। इससे पहले ये रिकॉर्ड पूर्व इंग्लिश गेंदबाज स्टीव हार्मिसन के नाम दर्ज था जिन्होंने 2006 में लीड्स के मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में 10 ओवर करते हुए 97 रन लुटा दिए थे, उनके खाते में भी कोई विकेट नहीं आया था।
आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं सैम करन
सैम करन को आईपीएल 2023 की खिलाड़ियों की नीलामी के दौरान पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ 50 लाख रुपये में खरीदा था। जिसके साथ ही वो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे। इस बार भी पंजाब किंग्स ने सैम करन को रिटेन करने का फैसला लिया है।
वनडे क्रिकेट मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने का रिकॉर्ड किसके नाम?
वनडे मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा रन लुटाने का रिकॉर्ड नीदरलैंड के बास डी लीड के नाम दर्ज है। उन्होंने ये अनचाहा रिकॉर्ड हाल ही में विश्व कप 2023 के दौरान अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया-नीदरलैंड विश्व कप 2023 मुकाबले में डच खिलाड़ी लीड ने दिल्ली के मैदान पर 10 ओवर में 115 रन लुटा डाले थे।उस दौरान उन्होंने 2 विकेट लिए थे।
