Who Won Yesterday Cricket Match (19 October, 2025)(कल का मैच कौन जीता): भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रविवार (19 October, 2025) को इंदौर के होलकर स्टेडियम में इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले विश्व कप 2025 के रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। जीत के लिए 289 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने स्मृति मंधाना(88), हरमनप्रीत कौर(70) और दीप्ति शर्मा (50) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत जीत के मुहाने तक पहुंच गई थी लेकिन अंतिम ओवरों में इंग्लिश गेंदबाजों ने शानदार अंदाज में वापसी करते हुए भारतीय टीम की जबड़े से जीत छीन ली। भारतीय टीम जीत के लिए अंतिम ओवर में 14 रन नहीं बना सकी और 4 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। इंग्लैंड ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन का स्कोर हीथर नाइट की 91 गेंद में 109 रन की आतिशी पारी की बदौलत खड़ा किया था। भारत के खिलाफ जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम ने ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बाद सेमीफाइनल में अपनी जगह भी पक्की कर ली।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनाम इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम, कल का मैच कौन जीता
इंग्लैंड ने जीता टॉस:
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
इंग्लैंड ने की शानदार शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को टैम बेमाउंट और एमी जोस की जोड़ी ने अच्छी शरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 73 रन जोड़े। 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर ये साझेदारी टूटी, दीप्ति शर्मा ने बेमाउन्ट को बोल्ड कर दिया। वो 22 रन बना सकीं।
बेमाउन्ट के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने हीथर नाइट उतरीं। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज एमी जोस का साथ दिया और स्कोर को तेजी से 21 ओवर में 98 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन 22वें ओवर की पहली गेंद पर जोन्स को दीप्ति ने मंधाना के हाथो कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया और टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई।
हीथर नाइट ने जड़ा शतक
जोन्स के आउट होने के बाद एक छोर हीथर नाइट ने संभाल लिया। दसरे छोर पर उनका साथ पहले कप्तान नैट सीवर ब्रंट ने दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। 211 रन के स्कोप पर ब्रंट श्रीचरणी की गेंद पर गच्चा खाकर कैच दे बैठीं। उन्होंने 38 रन बनाए। हीथर नाइट ने अपना अर्धशतक 54 गेंद में 7 चौके की मदद से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अपना शतक 86 गेंद में 14 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद नाइट रन आउट गईं। उन्होंने 109 रन बनाए। 249 के स्कोर पर इंग्लैंड ने 45वें ओवर में चौथा विकेट गंवाया। स्नेह राणा के सटीक थ्रो पर नाइट आउट हुईं।
दीप्ति शर्मा ने चटकाए भारत के लिए चार विकेट
इसके बाद अंतिम ओवरों में दीप्ति शर्मा और श्रीचरिणी ने अपनी फिरकी में इंग्लिश बल्लेबाजों को फंसाया। इंग्लैंड की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन बना सकी। सोफिया डंक्ले ने 15, एमा लैंब ने 11, एलिस कैप्सी ने 2 रन की पारी खेली। अंत में चार्ली डीन 19(13) रन और लिन्से स्मिथ 0 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 51 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं 2 सफलता श्रीचरिणी को मिली। इंग्लैंड की दो बैटर रन आउट हुईं।
भारत की खराब शुरुआत, रावल हुई नाकाम
जीत के लिए 289 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल 6 रन बनाकर लॉरेन बेल की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठीं। इसके बाद हरलीन देओल को चार्ली डीन ने एलबीडब्लू कर दिया। देओल 24(31) रन बना सकीं। 42 रन पर भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवा दिए थे।
हरमन और मंधाना ने संभाली पारी
दो विकेट जल्दी गंवाने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने मोर्चा संभाला और टीम को 19.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद मंधाना ने अपना अर्धशतक 60 गेंद में 4 चौके की मदद से पूरा किया। इसके बाद हरमनप्रीत ने भी मौजूदा वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक 7 चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 104 गेंद में पूरी कर ली। दोनों ने टीम को 28.1 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया। 167 के स्कोर पर ये साझेदारी टूट गई। हरमनप्रीत कौर को नैट सीवर ब्रंट ने प्वाइंट पर कैच करा दिया। उन्होंने 70(70) रन की पारी खेली।
दीप्ति और मंधाना के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
हरमनप्रीत कौर के आउट होने के बाद मंधाना का साथ देने दीप्ति शर्मा आईं। दीप्ति और मंधाना ने रन गति को बनाए रखा और भारत को 36 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 45 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन इस साझेदारी को लिन्से स्मिथ ने 42वें ओवर की दूसरी गेंद पर तोड़ दिया। मंधाना 94 गेंद पर 88 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और अपना शतक पूरा करने से चूक गईं। 234 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा।
दीप्ति ने जड़ा अर्धशतक
मंधाना के आउट होने के बाद भारत की पारी को दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष के साथ आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 254 रन तक ले गईं। लेकिन बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में ऋचा कैच दे बैठीं। उन्होंने 8 रन बनाए और नैट सीवर ब्रंट का शिकार बनीं। इससे पहले दीप्ति ने अपना अर्धशतक 55 गेंद में 5 चौके की मदद से पूरा किया लेकिन इसी स्कोर पर छक्का जड़ने की कोशिश में दीप्ति कैच दे बैठीं। 47वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दीप्ति पवेलियन लौट गईं। 262 के स्कोर पर भारत ने छठा विकेट गंवाया।
अंतिम ओवर में 14 रन नहीं बना पाई टीम इंडिया
19 गेंद पर भारत को 27 रन बनाने थे। ऐसे में अमनजोत कौर और स्नेह राणा ने मोर्चा संभाला। अंतिम 12 गेंद पर भारत को जीत के लिए 23 रन बनाने थे। 19वें ओवर में अमनजोत और राणा ने 9 रन जोड़े। अंतिम 6 गेंद में जीत के लिए भारत को 14 रन की दरकार थी। लेकिन राणा और अमनजोत की जोड़ी केवल 9 रन जोड़ सकीं और भारत ने 4 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। भारतीय टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 284 रन बना सकी। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट नेट सीवर ब्रंट ने लिए। 1-1 सफलता लॉरेन बेल, लिन्से स्मिथ, चार्ली डीन और सोफी एक्लेस्टोन को मिली। भारतीय टीम अंतिम पलों में जीती बाजी गंवा दी।
प्लेयर ऑफ द मैच:
91 गेंद में 109 रन की पारी खेलने वाली हीथर नाइट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह उनके वनडे करियर का तीसरा शतक था।
