who Won Yesterday IPL Match 22 May, 2026, SRH vs RCB, kal ka match kaun jeeta: पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलुरू को 55 रन के अंतर से मात देकर लीग दौर में अपने अभियान की अंत किया। इस मुकाबले में हार का सामना करने के बाद भी आरसीबी की टीम ने अंक तालिका में टॉप पर रहना सुनिश्चित किया। गुजरात टाइटन्स दूसरे पायदान पर रही वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने तीसरे स्थान पर अपनी जगह पक्की की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट पर 255 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इसके जवाब में आरसीबी की टीम 4 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना सकी और 55 रन के अंतर से मुकाबला गंवा दिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, कल का मैच कौन जीता (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
सनराइजर्स हैदराबाद ने जीता टॉस:
सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ अहम मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अभिषेक और हेड ने दिलाई तेज शुरुआत
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से 45 रन जोड़ दिए लेकिन चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर हेड को रसिख सलाम डार ने बोल्ड करके आरसीबी को पहली सफलता दिलाई। हेड 26(16) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके जड़े।
अभिषेक ईशान के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
हेड के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा को ईशान किशन का साथ मिला। दोनों ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। हैदराबाद ने 4.5 ओवर में 50 रन के आंकड़े को पार कर लिया। दोनों की जोड़ी ने पॉवरप्ले में सनराइजर्स को एक विकेट के नुकसान पर 63 रन तक पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद अभिषेक शर्मा ने अपना अर्धशतक 20 गेंद में 3 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद अभिषेक और ईशान ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 24 गेंद में पूरी कर ली। इस साझेदारी में अभिषेक ने 39 और ईशान ने 10 रन का योगदान दिया।
अर्धशतक जड़ने के बाद पवेलियन लौटे अभिषेक
अभिषेक और ईशान हैदराबाद को 97 रन तक ले गए। लेकिन नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को सुयश शर्मा ने कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। अभिषेक 56(22) रन बना सके। इसके बाद ईशान का साथ देने हेनरिक क्लासेन आए। दोनों ने हैदराबाद को 8.5 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया और तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 26 गेंद में पूरी कर ली। ईशान ने इसमें 27 और क्लासेन ने 21 रन का योगदान दिया। दोनों ने तेजी को बरकरार रखते हुए 12.5 ओवर में हैदराबाद को 150 रन के भी पार पहुंचा दिया।
हैदराबाद ने बनाए 4 विकेट पर 255 रन
ईशान किशन ने इसके बाद अपना अर्धशतक 31 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया और हैदराबाद को 15.2 ओवर में क्लासेन के साथ मिलकर 200 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 42 गेंद में पूरी कर ली। ईशान ने 49 और क्लासेन ने 47 रन का इसमें योगदान दिया। इसके बाद क्लासेन ने अपना सीजन का छठा अर्धशतक 23 गेंद में 2 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 17वें ओवर में क्लासेन को क्रुणाल पांड्या ने चलता कर दिया। वो 51(24) रन बना सके। पारी की अंतिम गेंद में ईशान किशन 79(46) रन बनाकर रसिख सलाम की गेंद पर कैच दे बैठे। नीतीश रेड्डी और ईशान ने इससे पहले हैदराबाद को 250 रन के पार पहुंचा दिया था। अंत में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 255 रन का स्कोर खड़ा किया। नीतीश 19(12) रन बनाकर नाबाद रहे।
आतिशी शुरुआत के बाद पवेलियन लौटे वेंकटेश
जीत के लिए 256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए पारी की शुरुआत करने वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली की जोड़ी उतरी। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने आरसीबी को 3.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पहले विकेट के लिए हुई अर्धशतकीय साझेदारी में वेंकटेश अय्यर ने 38 और विराट कोहली ने 11 रन का योगदान दिया। लेकिन 60 के स्कोर पर ये साझेदारी टूट गई। वेंकटेश अय्यर को ईशान मलिंगा ने अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराकर आरसीबी को पहला झटका दिया। वेंकटेश 44(29) रन बना सके।
विराट कोहली का साकिब हुसैन ने किया शिकार
वेंकटेश अय्यर के आउट होने के बाद विराट कोहली को देवदत्त पडिक्कल का साथ मिला। पडिक्कल ने मैदान पर उतरते ही हल्ला बोल दिया। विराट और पडिक्कल स्कोर को 74 रन तक ले गए लेकिन पॉवरप्ले के समाप्त होने से ठीक पहले विराट कोहली साकिब हुसैन की गेंद पर कैच दे बैठे। विराट 15(11) रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पडिक्कल भी सस्ते में लौटे पवेलियन
विराट कोहली के आउट होने के बाद पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला। दोनों ने रन गति को बनाए रखने की कोशिश की लेकिन 94 के स्कोर पर पडिक्कल को ईशान मलिंगा ने अभिषेक के हाथों कैच करा दिया। पडिक्कल 21(14) रन बना सके। 94 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद आरसीबी की जीत की संभावना मुश्किल नजर आने लगी। ऐसे में कप्तान पाटीदार और क्रुणाल पांड्या ने मोर्चा संभाला। दोनों ने विकेटों को पतझड़ पर लगाम लगाई लेकिन रन गति कम हो गई।
पाटीदार और पांड्या ने पहुंचाया 150 के पार
10 ओवर में 100 रन के आंकड़े को छूने के बाद आरसीबी 15.2 ओवर में 150 रन के पार पहुंची। इसके बाद पाटीदार और पांड्या ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 33 गेंद में पूरी की। इस साझेदारी में पाटीदार ने 18 और पांड्या ने 28 रन का योगदान दिया। दोनों स्कोर को 178 रन तक ले गए और आरसीबी का अंक तालिका में टॉप पर रहना सुनिश्चित कर दिया। पाटीदार ने 37 गेंद में अपना अर्धशतक 6 चौकों की मदद से पूरा किया। 19वें ओवर में पाटीदार ट्रेविस हेड की गेंद पर कैच दे बैठे। पाटीदार 56(39) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का जड़ा।
4 विकेट पर 200 रन बना सकी आरसीबी, अंक तालिका में रही नंबर वन
पाटीदार के आउट होने के बाद अंत में आरसीबी 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन बना सकी और 55 रन से मैच गंवा दिया। लेकिन नेट रन रेट के आधार पर गुजरात से बाजी मारकर अंक तालिका में 14 मैच में 9 जीत और 18 अंक के साथ पहले पायदान पर रहना सुनिश्चित कर लिया। आरसीबी का नेट रन रेट 0.783 है। वहीं गुजरात का नेट रन रेट 0.695 है। वहीं हैदराबाद की टीम भी 18 अंक और 0.524 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हो गई। हैदराबाद के लिए मैच में सबसे ज्यादा 2 विकेट ईशान मलिंगा ने लिए। वहीं एक-एक सफलता साकिब हुसैन और ट्रेविस हेड को मिली।
प्लेयर ऑफ द मैच
ईशान किशन को उनकी 79(46) रन का पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
