who Won Yesterday IPL Match 21 May, 2026, GT vs CSK, kal ka match kaun jeeta: गुजरात टाइटन्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसके लीग चरण के आखिरी मुकाबले में 89 रन के बड़े अंतर से मात देकर अपनी टॉप-2 में रहने की संभावनाओं को और प्रबल कर दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटन्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन का स्कोर खड़ा किया था। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने 64(37), साऊ सुदर्शन ने 84(53) और जोस बटलर ने 57(27) रन की पारी खेली। इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 13.4 ओवर में 140 रन बनाकर ढेर हो गई। चेन्नई के लिए शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 47(17) रन बनाए। उनके अलावा मैथ्यू शॉर्ट ने 24(14) रन की पारी खेली। इस मुकाबले में हार के साथ ही पांच बार की चैंपियन सीएसके का प्लेऑफ में पहुंचने का सपना भी टूट गया। आईपीएल के इतिहास में लगातार तीसरी बार चेन्नई सुपर किंग्स की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। सीजन का अंत चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी लीग के इतिहास में सबसे बड़ी हार के साथ किया है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?
गुजरात टाइटन्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, कल का मैच कौन जीता(फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
चेन्नई सुपर किंग्स ने जीता टॉस
गुजरात टाइटन्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
गुजरात की शानदार शुरुआत
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स को साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने आतिशी शुरुआत करते हुए टीम को 5.1 ओवर में 50 रन के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद दोनों ने पॉवरप्ले में टीम को 62 रन तक बगैर किसी नुकसान के पहुंचा दिया। इस आतिशी शुरुआत के बाद शुभमन गिल ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद गुजरात ने 9.1 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया। पहले विकेट के लिए 55 गेंद में हुई शतकीय साझेदारी में सुदर्शन ने 42 और शुभमन गिल ने 52 रन का योगदान दिया।
सुदर्शन ने जड़ा लगातार पांचवां अर्धशतक
शतकीय साझेदारी पूरी होने के बाद साई सुदर्शन ने अपना लगातार पांचवां अर्धशतक 35 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। गिल और साई स्कोर को 125 रन तक ले गए। लेकिन ये साझेदारी 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर टूट गई। शुभमन गिल को स्पेंसर जॉनसन ने शिवम दुबे के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। गिल 64(37) रन बनाकर पवेलियन लौटे।
बटलर-सुदर्शन के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी
गिल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन का साथ देने जोस बटलर आए। दोनों ने 14 ओवर में गुजरात को 150 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद भी ये साझेदारी नहीं रुकी। सुदर्शन और बटलर ने दोनों छोर से हल्ला बोल दिया और टीम को 18 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। इसी दौरान सुदर्शन और बटलर ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 23 गेंद में पूरी कर ली। वहीं जोस बटलर ने अपना अर्धशतक 23 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
207 रन पर लगे गुजरात को दोहरे झटके
सुदर्शन और गिल की साझेदारी 207 के स्कोर पर टूटी। साई सुदर्शन 84(53) रन बनाकर अंशुल कंबोज की गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के जड़े। सुदर्शन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए राहुल तेवतिया भी अगली ही गेंद पर रन आउट हो गए। वो अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद अंत में वॉशिंगटन सुंदर और जोस बटलर ने टीम को 229 रन तक 20 ओवर में पहुंचाया। सुंदर पारी की आखिरी गेंद पर 7(3) रन बनाकर कैच दे बैठे। वहीं जोस बटलर 57(27) रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई के लिए एक-एक विकेट अंशुल कंबोज, स्पेंसर जॉनसन और मुकेश चौधरी ने दिया।
सिराज ने बरपाया कहर, शुरुआत में ही बैकफुट पर पहुंची चेन्नई
जीत के लिए 230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर संजू सैमसन मोहम्मद सिराज की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। इसके बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ मैथ्यू शॉर्ट का साथ देने आए। दोनों ने रन गति को बढ़ाने की कोशिश की और 29 रन तक टीम को ले गए लेकिन तीसरी ओवर की दूसरी गेंद पर सिराज ने रुतुराज को बोल्ड करके दूसरा झटका चेन्नई को दे दिया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर उर्विल पटेल को भी सिराज ने खाता नहीं खोलने दिया।
63 रन पर पवेलियन लौटी सीएसके की आधी टीम
29 रन पर तीन विकेट गंवाकर सीएसके की टीम बैकफुट पर नजर आने लगी। ऐसे में मैथ्यू शॉर्ट और कार्तिक शर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की और टीम को 5 ओवर में पहुंचा दिया। लेकिन छठे ओवर की पहली गेंद पर शॉर्ट को कगिसो रबाडा ने चलता कर दिया। शॉर्ट 24(14) रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का जड़ा। शॉर्ट के आउट होने के बाद कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर कार्तिक शर्मा रन आउट हो गए। वो 19(15) रन बना सके। 63 रन पर चेन्नई की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।
9.2 ओवर में चेन्नई पहुंची 100 रन के पार
ऐसे में ब्रेविस और शिवम दुबे ने पारी को संभाला। दोनों ने टीम को 100 रन के पार 9.2 ओवर में पहुंचा दिया और छठे विकेट के लिए 20 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इस साझेदारी में ब्रेविस ने 4 और दुबे ने 47 रन का योगदान दिया। दोनों स्कोर को 116 रन तक ले गए। 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर शिवम की पारी की अंत राशिद खान ने कर दिया। शिवम 47(17) रन बनाकर शुभमन गिल के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के जड़े।
140 रन पर ढेर हुई चेन्नई, मिली सबसे बड़ी हार
शिवम दुबे के आउट होने के बाद एक छोर डेवाल्ड ब्रेविस संभाले रहे लेकिन देखते देखते अंशुल कंबोज 19(8) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 13वें ओवर की पहली गेंद पर 136 के स्कोर पर कंबोज आउट हुए। इसके बाद राशिद खान ने ब्रेविस को भी चलता कर दिया। ब्रेविस 8(10) रन बना सके। इसके बाद रबाडा ने एक ओवर में नूर अहमद और स्पेंसर जॉनसन के विकेट चटकाकर गुजरात को 89 रन के अंतर से जीत दिला दी। चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा 3-3 विकेट मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने लिए। चेन्नई की 89 रन से हार रन अंतर के आधार पर 19 साल में सबसे बड़ी हार है।
प्लेयर ऑफ द मैच:
मोहम्मद सिराज को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
