इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच भिड़ंत हुई। मैच में टॉस जीतकर राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 172 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 173 रन के लक्ष्य को राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल, रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर की पारियों की बदौलत 19 ओवर में 4 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। रोवमैन पॉवेल ने राजस्थान के लिए विजयी छक्का जड़ा। इसके साथ ही आरसीबी का खिताब जीतने का सपना एक बार फिर टूट गया। साल 2008 की चैंपियन राजस्थान की टीम ने दूसरे क्वालीफायर का टिकट हासिल कर लिया। ये मुकाबला 24 मई को चेन्नई में खेला जाएगा जहां फाइनल में पहुंचने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच भिड़ंत होगी।
राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (साभार IPL/BCCI)
राजस्थान ने जीता टॉस:
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने आरसीबी के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।धीमी रही आरसीबी की शुरुआत:
एलिमिनेटर मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत धीमी रही। कप्तान फॉफ डुप्लेसी और विराट कोहली तेज शुरुआत टीम को नहीं दिला पाए। पारी के पांचवें ओवर में आरसीबी को पहला झटका डुप्लेसी के रूप में ट्रेंट बोल्ट ने दिया। बोल्ट की गेंद पर डुप्लेसी का शानदार कैच रोवमैन पॉवेल ने लपका। उन्होंने 17(14) रन बनाए। इसके साथ ही आरसीबी का स्कोर 4.4 ओवर में 1 विकेट पर 37 रन हो गया।विराट नहीं खेल पाए बड़ी पारी, चहल का किया शिकार
डुप्लेसी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने कैमरन ग्रीन आए। विराट और ग्रीन ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 6 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन जल्दी ही आरसीबी को दूसरा झटका लग गया। विराट कोहली आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर 33(24) रन बनाकर युजवेंद्र चहल का शिकार बने।
अश्विन ने दिए आरसीबी को दोहरे झटके
56 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद आरसीबी की पारी को कैमरन ग्रीन और रजत पाटीदार ने आगे बढ़ाया। दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के करीब पहुंचाया लेकिन 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर ये साझेदारी टूट गई। रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर पॉवेल के हाथों लपके गए। उन्होंने 27(21) रन बनाए। इसके बाद अगली ही गेंद पर अश्विन ने ग्लैन मैक्सवेल को भी कैच कराकर चलता कर दिया। मैक्सवेल अपना खाता भी नहीं खोल पाए।
पाटीदार-लोमरोर ने पहुंचाया 100 रन के पार
97 रन पर 4 विकेट आरसीबी ने गंवा दिए थे। ऐसे में रजत पाटीदार एक छोर संभाले रहे। दूसरे छोर पर उन्हें महिपाल लोमरोर का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को 13.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया लेकिन 117 के स्कोर पर पाटीदार को आवेश खान ने रियान पराग के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 34(22) रन बनाए।
8 विकेट पर 172 रन बना सकी आरसीबी
14.2 ओवर में 122 रन पर आरसीबी की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में एक छोर महिपाल लोमरोर ने संभाला। उन्हें दूसरे छोर पर थोड़ी देर दिनेश कार्तिक का साथ मिला। दोनों ने मिलकर आरसीबी को 150 रन के पार पहुंचाया लेकिन तेजी से रन बनाने की कोशिश में कार्तिक को आवेश खान ने कैच करा दिया। इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने आए स्वप्निल सिंह ने लोमरोर और कर्ण शर्मा के साथ मिलकर टीम को 20 ओवर में 8 विकेट पर 172 रन बनाए। लोमरोर ने 32(17) और स्वप्निल ने 9(4) रन बनाए। राजस्थान के लिए सबसे सबसे सफल गेंदबाज आवेश खान रहे। उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं 2 विकेट रविचंद्रन अश्विन ने अपने नाम किए। एक-एक सफलता ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा और युजवेंद्र चहल के खाते में गई।
जायसवाल और कोडमोर ने दी राजस्थान को अच्छी शुरुआत
जीत के लिए 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और टॉम कोहलर कोडमोर की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने जीवनदानों का फायदा उठाते हुए टीम को 46 रन तक ले गए। लेकिन छठे ओवर की तीसरी गेंद पर लोकी फर्ग्युसन ने ये साझेदारी तोड़ दी। उन्होंने कोडमोर को बोल्ड कर दिया। कोडमोर 20(15) रन बना सके।
यशस्वी अर्धशतक से चूके, सैमसन नहीं खेल पाए बड़ी पारी
कोडमोर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने कप्तान संजू सैमसन उतरे। दोनों ने मिलकर राजस्थान को 6.1 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों मिलकर स्कोर को 81 रन तक ले गए लेकिन विकेट के पीछे गेंद को खेलने की कोशिश में जायसवाल 45(30) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यशस्वी को तीसरे अंपायर ने आउट करार दिया। जायसवाल के आउट होने के बाद संजू सैमसन कर्ण शर्मा की फिरकी में फंसकर स्टंपिंग हो गए। सैमसन 17(13) रन बनाकर पवेलियन लौटे। सैमसन के आउट होते ही राजस्थान का स्कोर 10 ओवर में 3 विकेट पर 86 रन हो गया।
विराट ने रन आउट से कराई आरसीबी की वापसी
तीन बड़े विकेट गंवाने के बाद राजस्थान थोड़ी दबाव में दिख रही थी। रियान पराग और ध्रुव जुरेल ने पारी को संभालने की कोशिश की और 11.5 ओवर में 100 रन के पार राजस्थान को पहुंचा दिया। लेकिन 14वें ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली के एक स्टीक थ्रो ने जुरेल की 8(8) रन की पारी का अंत कर दिया। ऐसे में राजस्थान का स्कोर 4 विकेट पर 112 रन हो गया।
पराग हेटमायर ने लिखी जीत की इबारत
जुरेल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शिमरॉन हेटमायर उतरे। हेटमायर ने रियान पराग के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए और टीम को 150 रन के पार 16.4 ओवर में पहुंचा दिया। लेकिन 157 के स्कोर पर रियान पराग को मोहम्मद सिराज ने बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया और अपनी टीम की जीत की उम्मीदों पर फिर से जिंदा कर दिया। लेकिन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन हेटमायर 26(14) रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। लेकिन अंत में रोवमैन पॉवेल ने 8 गेंद में 16 रन की पारी खेलकर राजस्थान को जीत दिला दी और क्वालीफायर का टिकट दिला दिया। अश्विन खाता खोले बगैर नाबाद रहे।
