Who Is Salil Arora: आईपीएल के ओपनिंग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज सलील अरोड़ा ने अपना आईपीएल डेब्यू किया। टॉस के समय कप्तान ईशान किशन ने इसकी जानकारी दी। किशन ने कहा कि वह नेट्स में अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि सलील एक विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें बतौर बल्लेबाज प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। हैदराबाद में पहले से ही दो विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन भी विकेटकीपिंग करते हैं।
सलील अरोड़ा (साभार-X)
7 नवंबर 2002 पंजाब के अमृतसर में जन्मे सलील अरोड़ा को सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। पंजाब की ओर से खेलने वाले सलील विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025/26 में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा था। इस सीजन उन्होंने 198.88 की स्ट्राइक रेट से 358 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के की मदद से 45 गेंद में 125 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
फर्स्ट क्लाल डेब्यू पर शतक
सलील अरोड़ा की तूफानी बल्लेबाजी का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास डेब्यू पर ही शतकीय पारी खेल दी थी। उन्होंने मध्यप्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2024/25 मैच में 101 रन की पारी खेली थी। हालांकि, वह सुर्खियों में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सीजन में आए।
