चेन्नई सुपर किंग्स का मौजूदा सीजन बेहद खराब गुजर रहा है। 6 मैच में टीम केवल 2 मुकाबला ही जीत पाई है। ऐसे में सबको इंतजार है कि जल्द विकेट के पीछे एमएस धोनी नजर आएं और चेन्नई की तसवीर और तकदीर दोनों बदल दें। इंजरी के कारण फिलहाल वह इस सीजन एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में उनके फैंस के लिए एक गुड न्यूज सामने आई है। धोनी के इंजरी पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी ने अपडेट दिया है। धोनी पिंडली की चोट (Calf Strain) से उबर रहे हैं। उन्होंने नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह सीएसके की प्लेइंग इलेवन में कब वापसी करेंगे।
एमएस धोनी (साभार-x)
शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों सीएसके की 10 रन से हार के बाद, मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए माइकल हसी ने कहा कि धोनी रिहैब में हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। एक कोच के रूप में उनके बल्लेबाजी से खुश हूं।
"उनका रिहैबिलिटेशन अच्छा चल रहा है। और देखिए, मैं एक बैटिंग कोच हूं, और मैं उनकी बैटिंग से खुश हूं," हसी ने कहा कि धोनी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी फॉर्म से संतुष्ट हैं। हसी ने बताया कि धोनी की रिकवरी का मुख्य लक्ष्य दौड़ने की क्षमता और गति में सुधार करना है, खासकर पारी के अंतिम चरणों में विकेट के बीच तेजी से रन बनाने के लिए।
तारीख पता नहीं पर जल्द करेंगे वापसी
हसी ने कहा कि उन्हें धोनी की वापसी की सही तारीख का पता नहीं है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि धोनी जल्द ही वापसी करेंगे। "जैसा कि आपने कल ट्रेनिंग में देखा, वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनकी दौड़ने की क्षमता में सुधार की जरूरत है, क्योंकि अगर उसे पारी के अंत में बल्लेबाजी करनी है, तो उसे दो रन लेने के लिए तेजी से दौड़ना पड़ेगा। उसे बस अपनी दौड़ने की क्षमता पर भरोसा करना होगा और अपनी गति बढ़ानी होगी। मुझे नहीं पता कि वह कब खेलेगा, लेकिन मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही खेलेगा, जैसे कि सभी प्रशंसक चाहते हैं,"
