रणजी फाइनल में करुण नायर ने टीम इंडिया में वापसी के सवाल पर दिया करारा जवाब

घरेलू सीजन में नौवां शतक जड़ने के बाद टीम इंडिया में वापसी के सवाल पर करुण नायर ने दिया करारा जवाब।

नागपुर: घरेलू क्रिकेट के मौजूदा सत्र में नौवां शतक जड़ने के बाद विदर्भ के बल्लेबाजी के मुख्य स्तंभ करुण नायर ने शनिवार को भारतीय टीम में अपनी वापसी से जुड़े सवाल पर गेंद चयनकर्ताओं के पाले में डालते हुए कहा,'मैं यह सवाल पूछने के लिए सही व्यक्ति नहीं हूं।’ नायर ने केरल के खिलाफ नाबाद 132 रनों की पारी खेली, जिससे विदर्भ को रणजी ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 249 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 286 रनों तक पहुंचा ली। नायर का यह मौजूदा रणजी सत्र में चौथा शतक है। उन्होंने अब तक 57.33 की औसत से 860 रन बनाये हैं।

Karun Nair

करुण नायर (साभार BCCI Domestic)

टेस्ट क्रिकेट भारत के लिए तिहरा शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय नायर ने इससे पहले 50 ओवर के विजय हजारे ट्रॉफी में भी शानदार लय में थे। उन्होंने इस शीर्ष घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट के नौ मैचों में पांच शतक और एक अर्धशतक की मदद से 389.50 की औसत से 779 रन बनाये थे। रणजी ट्रॉफी फाइनल के चौथे दिन के खेल के बाद नायर से जब भारतीय टीम में वापसी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,'मैं यह पूछने के लिए सही व्यक्ति नहीं हूं। मैं उस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। मुझे बस इतना कहना है कि मुझे जो भी मौका मिल रहा है उसमें मुझे अच्छा प्रदर्शन करते रहना है। मुझे अपना काम सर्वश्रेष्ठ तरीके से करना है।'

End of Feed