आईपीएल 2023 अब नॉकआउट दौर में पहुंच गया है। पहले क्लालीफायर मैच में डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस का सामना 4 बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। इस मैच को जीतने वाले टीम की डायरेक्ट फाइनल में एंट्री हो जाएगी जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा और वह दूसरा क्वालीफायर खेलेगी।
महेंद्र सिंह धोनी और गुजरात टाइटंस (साभार- IPL/BCCI)
लेकिन यदि मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ जाए तो सवाल उठता है कि इस मैच में हार-जीत का फैसला किस आधार पर किया जाएगा। यदि आपके मन में ऐसी कोई दुविधा है तो हम आपकी जिज्ञासा को शांत कर देते हैं। हालांकि, एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच में बारिश की संभावना न के बराबर है, लेकिन यदि ऐसा होता है तो यहां रिजर्व-डे का प्रावधान नहीं है। ऐसे हालात में हार और जीत का फैसला सुपर ओवर के माध्यम से होगा। हेड टू हेड की बात करें को चेन्नई के खिलाफ गुजरात का पलड़ा भारी रहा है। अब तक दोनों के बीच 3 मैच हुए हैं और हर मैच में बाजी गुजरात के हाथ लगी है।
अगर सुपर ओवर भी नहीं हुआ तो..
यदि पिच की स्थिति ऐसी हो और सुपर ओवर भी नहीं कराया जा सके तो ऐसी स्थिति में लीग स्टेज में टीम के परफॉर्मेंस के आधार पर हार-जीत का फैसला किया जा सकेगा और ऐसी स्थिति में गुजरात की टीम फाइनल में पहुंच जाएगी। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि गुजरात की टीम 14 में से 10 मुकाबला जीत कर टेबल टॉपर रही थी। आपको बता दें कि यह नियम दोनों क्वालीफायर और एलिमिनेटर मुकाबले में लागू होगा।
कब होगा दूसरा क्वालीफायर और एलिमिनेटर?
एलिमिनेटर मुकाबला 24 मई को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होगा, जबकि दूसरा क्वालिफायर 26 मई को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जिसमें क्वालीफायर वन में हारने वाली टीम का मुकाबला एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से होगा।
