तारोबा: वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने बताया है कि तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में खेलने से इनकार कर दिया। सीरीज के लिए टीम की घोषणा करते हुए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा था कि जोसेफ निजी कारणों से उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन सैमी ने इस बारे में और जानकारी दी।
बाबर आजम और रोस्टन चेज (फोटो क्रेडिट @windiescricket X)
अल्जारी जोसेफ का नहीं खेलना बड़ा नुकसान
सैमी ने सीरीज के पहले मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'हमारे लिए यह एक बड़ा नुकसान है। जोसेफ ने टीम में चुने जाने से इनकार कर दिया है। यही सच है। उन्हें चुना गया था। मेरा मतलब है, वह चोट से वापसी कर रहे हैं। और उसके बाद कुछ कारणों से उन्होंने चयन से इनकार कर दिया। यह फैसला मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। मैं इसे निदेशकों पर छोड़ता हूं कि वे इसका कोई समाधान निकालें कि अनुबंधित खिलाड़ी चुने जाने से इनकार करते हैं तो क्या होगा। 'जोसेफ ने वेस्टइंडीज के लिए 42 टेस्ट खेले हैं और 130 विकेट लिए हैं। दूसरा टेस्ट दो अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Babar Azam: बाबर आजम फिर बने 'किंग,' इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में करेंगे कप्तानी
पहली बार टेस्ट टीम में मिली जोशुआ बिशप को जगह
वेस्टइंडीज ने सीरीज के लिए बाएं हाथ के स्पिनर जोशुआ बिशप को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया है और किर्क मैकेंजी को वापस बुलाया है।
बिशप पिछले वेस्टइंडीज के तीन चैंपियनशिप सीजन में सबसे सफल गेंदबाज रहे, ऐसे में 26 वर्षीय खिलाड़ी के टेस्ट डेब्यू की संभावना प्रबल हो गईं थी। मैकेंज़ी ने साल 2024 में अपना आखिरी टेस्ट खेला था। उनकी 15 सदस्यीय टीम में वापसी हुई है। ओपनर जॉन कैंपबेल के हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण उन्हें टीम में शामिल होने का मौका मिला है।
ऐसा है सीरीज का कार्यक्रम
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दो मैच की टेस्ट सीरीज पहला टेस्ट तोरोबा में 25 से 30 जुलाई तक खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट 2 से 7 अगस्त के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।
दोनों टीमों का ऐसा है WTC अंक तालिका में हाल
ये सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है। पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में 4 मैच में एक जीत 3 हार के साथ नौवें पायदान पर है। उसके खाते में 4 अंक हैं और उसका जीत प्रतिशत 8.33 का है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम 10 टेस्ट में एक जीत 1 जीत, 7 हार और एक ड्रॉ के साथ आठवें नंबर पर है। उसका जीत प्रतिशत 15 का है।
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम:
रोस्टन चेज़ (कप्तान), जोमेल वारिकन, जोशुआ बिशप, टैगेनारिन चंद्रपॉल, जोशुआ दा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, शाई होप, अमीर जांगू, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, किर्क मैकेंजी, कीमो पॉल, केमर रोच, जेडन सील्स
(भाषा इनपुट के साथ)
