सिल्हट: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का विजय अभियान इंग्लैंड दौरे के बाद एशिया कप में भी जारी रहा। बांग्लादेश की मेजबानी में आयोजित महिला एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से रौंदकर 7वीं बार खिताब पर कब्जा कर लिया।
गेंदबाजों ने ढाया कहर, महज 65 रन बना पाई श्रीलंकाई टीम
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को भारतीय गेंदबाजों ने विकेट पर नहीं टिकने दिया और 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 65 रन का स्कोर खड़ा करने दिया। रेणुका ठाकुर ने 5 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके बाद जीत के लिए मिले 66 रन के लक्ष्य को भारत ने स्मृति मंधाना की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 8.2 ओवर में 8 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।गेंदबाजों को देना चाहिए जीत का श्रेय
टीम की खिताबी जीत का श्रेय गेंदबाजों को देते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, हमें अपने गेंदबाजों को जीत का श्रेय देना चाहिए। हमारी फील्डिंग भी पहली गेंद से शानदार थी। हमने मैच से पहले चर्चा की थी कि एक भी रन हमें आसानी से नहीं देना है।अपने पिच का किया सही आकलनहरमनप्रीत ने आगे कहा, आपको पिच का मिजाज अच्छी तरह समझकर उसके अनुसार फील्डिंग लगानी होती है। हमने विकेट के सही आकलन किया और उसी के अनुसार फील्डिंग सजाई। बल्लेबाजी के दौरान हमारा ध्यान स्कोरबोर्ड पर नहीं था, हम केवल पांच-पांच ओवर का लक्ष्य निर्धारित करके बल्लेबाजी कर रहे थे। लक्ष्य के बारे में बिलकुल भी नहीं सोचा और केवल गेंद की वरीयता और परिस्थिति के अनुसार बैटिंग की।
