स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की अंडर-19 टीम की एशिया कप जीत के बाद दिग्गज भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने अपने बेटे आर्यवीर सहवाग के साथ हुई वीडियो कॉल का एक दिल छू लेने वाला क्लिप शेयर किया। उन्होंने कहा कि ये ऐसी यादें हैं जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखेगा और कामना की कि उनका बेटा अपनी मेहनत और टैलेंट से आसमान की ऊंचाइयों को छुए। वीडियो में आर्यवीर ने पिता को बताया कि वह मैच के दौरान नर्वस थे और सीताराम, सीताराम का जाप कर रहे थे।
आर्यवीर सहवाग ने की पिता सहवाग के बात।
शनिवार को ओमान में खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर ने 61 गेंद पर 58 रनों की पारी खेली। मैच का फैसला आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा के चौके से हुआ। आर्यवीर ने टूर्नामेंट के 5 मैच में 90.25 की औसत और 95 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से कुल 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। आर्यवीर ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 छक्के लगाकर अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया और सेमीफाइनल तथा फाइनल दोनों बड़े मैचों में अर्धशतक जड़कर खुद को एक 'बिग-मैच प्लेयर' के रूप में साबित किया।
'सीताराम-सीताराम का जाप'
मैच के बाद इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए क्लिप में आर्यवीर को अपने पिता से उस दबाव के बारे में बात करते हुए सुना जा सकता है, जो उन्होंने आखिरी ओवर के दौरान महसूस किया था। उस समय भारत को जीत के लिए 8 रनों की जरूरत थी और हाथ में सिर्फ एक विकेट बचा था। घबराहट और तनाव के उन पलों में, 'सीताराम-सीताराम' के जाप ने उन्हें शांत किया। उन्होंने मजाक में यह भी बताया कि जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे, तो पाकिस्तानी समर्थक 'सहवाग-सहवाग' के नारे लगा रहे थे।
वीडियो में आर्यवीर कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि, पापा, मैं बहुत नर्वस था... बस 'सीता राम, सीता राम' का जाप कर रहा था!फिर आखिरी ओवर में 8 रन चाहिए थे। मैं चाह रहा था कि एक दो शॉट लग जाए। फिर आखिरी गेंद पर पर शॉट लग गया। फिर तो सारे पागल हो गए। जब मुझे चोट लगी ना और बार-बार फिजियो आ रहा था तो मैंने देखा कि स्टैंड में जो पाकिस्तानी समर्थक थे वो सहवाग-सहवाग चिल्ला रहे थे। मजा आ गया पापा।
सहवाग ने शेयर किया वीडियो
सहवाग ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बनने से लेकर फाइनल के उन रोमांचक पलों को याद करने तक, बेटे के साथ एक बहुत ही खास बातचीत। कुछ पल अवॉर्ड, रन और ट्रॉफी से भी बड़े होते हैं। ये ऐसी यादें हैं जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखेगा। तुम हमेशा जमीन से जुड़े रहो और अपनी मेहनत और टैलेंट से आसमान की ऊंचाइयों को छुओ। श्री सीताराम।'
गौरतलब है कि सहवाग पाकिस्तान में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने मुल्तान में भारत के लिए पहला टेस्ट तिहरा शतक (ट्रिपल सेंचुरी) लगाया था। मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 337/9 का स्कोर खड़ा किया। भारत ने आखिरी गेंद पर 9 विकेट गंवाकर 339 रन बनाकर मैच जीत लिया।
