West Indies vs India, King Kohli: क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करने वाले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ नए अंदाज पर मैदान पर नजर आए। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे तीन वनडे मैचों के दूसरे मुकाबले में टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया गया था। इस दौरान विराट कोहली नए रुप में दिखे। विराट कोहली वाटर ब्वॉय के रूप में नजर आए। इसके बाद से उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में कोहली और युजवेंद्र चहल पानी लेकर मैदान की ओर जाते दिख रहे हैं। हालांकि, इस मुकाबले में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से हराया और तीन वनडे मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला एक अगस्त को खेला जाएगा।
विराट कोहली और युजवेंद्र चहल पानी ले जाते हुए। (फोटो- फैनकोड स्क्रीनशॉट)
शार्दुल और कुलदीप को दी सलाह
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले खेलते हुए टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही। लेकिन दोनों ओपनर्स इशान किशन और शुभमन गिल के आउट होने के बाद टीम लड़खड़ा गई। टीम के 167 रन पर 7 विकेट गिर चुके हैं। 38वें ओवर में शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव बल्लेबाजी कर रहे थे। इस दौरान ड्रिंक्स ब्रेक हुआ था। तभी विराट कोहली वाटर ब्वॉय बने थे। चहल के साथ कोहली शार्दुल और कुलदीप के लिए पानी लेकर गए थे। इस दौरान कई टिप्स भी दिए थे।
थम गया जीत का सिलसिला
भारतीय टीम पिछले 9 मैचों से विंडीज के खिलाफ अजेय है। इस हार के साथ ही टीम के जीत का सिलसिला थम गया। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम को करीब 6 साल पहले हार मिली थी। टीम इंडिया को वेस्टइंडीज से उनके घर में 2 जुलाई 2017 हार मिली थी। इस मुकाबले में दो खिलाड़ियों ने अर्धशतकीय पारी खेली थी।
