VHT 2025-26: विराट कोहली का फिर चला बल्ला, दिल्ली ने गुजरात को दी रोमांचक मुकाबले में 7 रन से मात

विराट कोहली और ऋषभ पंत के शानदार अर्धशतकों के दम पर दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी के मैच में शुक्रवार को गुजरात पर सात रन की रोमांचक जीत दर्ज की।

बेंगलुरू: विराट कोहली और ऋषभ पंत के शानदार अर्धशतकों के दम पर दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप डी के मैच में शुक्रवार को गुजरात पर सात रन की रोमांचक जीत दर्ज की। गुजरात की टीम लक्ष्य का पीछा करते समय अच्छी स्थिति में थी लेकिन उनके बल्लेबाजों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण टीम को मैच गंवाना पड़ा। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कोहली (61 गेंद में 77) और पंत (79 गेंद में 70 रन) ने दिल्ली को 50 ओवर में नौ विकेट पर 254 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गुजरात की टीम 47.4 ओवर में 247 रन पर आउट हो गई।

Virat Kohli

विराट कोहली मैन ऑफ द मैच अवार्ड लेते हुए(फोटो क्रेडिट RCB X)

कोहली और पंत दोनों की बल्लेबाजी उनके नैसर्गिक खेल से अलग दिखी। कोहली ने जहां आक्रामक बल्लेबाजी की वहीं पंत ने बड़े शॉट खेलने पर दौड़कर रन चुराने को तरजीह दी। प्रियांश आर्य के आउट होने के बाद क्रीज पर आये कोहली ने चिंतन गाजा के खिलाफ शानदार ड्राइव कर चार रन बटोरे। एक छोर से जहां दिल्ली के बल्लेबाज जहां संघर्ष कर रहे थे वहीं दूसरी छोर से कोहली बेखौफ बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने गाजा के खिलाफ पुल शॉट पर छह रन बटोरने के बाद अर्जुन नगवासवाला के खिलाफ फ्लिक शॉट पर छक्का जड़ा। उन्होंने रवि बिश्नोई के खिलाफ कवर क्षेत्र में शानदार चौके के साथ लिस्ट ए क्रिकेट में अपना 85वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 29 गेंद में 10 चौके और एक छक्का की मदद से अपना पचासा पूरा किया।

End of Feed