विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर चल रही टेस्ट क्रिकेट में वापसी की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। 37 वर्षीय कोहली ने रविवार (21 जून) को दिल्ली में हुए एक इवेंट के दौरान ये बातें कही। विराट से जब पूछा गया कि वह टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहेंगे और अपने रनों की संख्या में इजाफा करना चाहेंगे तो बिना हिचके उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस फॉर्मेट से पूरी तरह से किनारा कर चुके हैं। कोहली ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जिससे क्रिकेट जगत सदमे में था। पूर्व भारतीय कप्तान ने 123 टेस्ट मैच खेले और 30 शतकों के साथ 9,230 रन बनाए।
विराट कोहली (साभार- X)
भारत के इस स्टार बल्लेबाज ने क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में भारत के लिए चौथा सबसे अधिक रन बनाने वाला खिलाड़ी का दर्जा हासिल किया था। उनसे आगे केवल सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और सुनील गावस्कर हैं।
हालांकि, कोहली भारत के लिए अब भी वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं और वो 2027 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को जीत दिलाने की कोशिश में उतरेंगे। कोहली ने भारत के लिए 2024 टी20 विश्व कप जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था। चोट के कारण यह स्टार बल्लेबाज अफगानिस्तान सीरीज में नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्हें इंग्लैंड के आगामी दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, उनका चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।
कोहली को आखिरी बार पिछले महीने 2026 आईपीएल में खेलते हुए देखा गया था, जहां उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 2026 आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह सीजन में 165.84 के स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर रहे। गुजरात टाइटन्स (जीटी) के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 44 गेंदों में नाबाद 75 रन की पारी खेलकर उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता था।
