Most Catches for India in International cricket: विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में राहुल द्रविड़ का एक भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। विराट ने जैसे ही जोस इंग्लिश का कैच लपका वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा कैच लेने वाले प्लेयर बन गए। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले विराट कोहली और द्रविड़ 334 कैच की बराबरी पर थे। लेकिन अब वो द्रविड़ से एक कदम आगे निकलकर भारत के सबसे बड़े कैच लपकू फील्डर बन गए हैं।
विराट कोहली
ज्यादा मैच खेलकर द्रविड़ से आगे पहुंचे विराट
विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा कैच लपकने का रिकॉर्ड तोड़ा था। उनके नाम वनडे में 160 कैच हो गए हैं। वहीं विराट ने टेस्ट में 121 और टी20 में 54 कैच लिए हैं। उनके खाते में खबर लिखे जाने तक 335 कैच दर्ज हो गए हैं। राहुल द्रविड़ ने वनडे में 124, टेस्ट में 210 कैच लिए थे। उन्होंने 509 मैच में 334 कैच लिए थे। विराट को द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 549 मैच खेलने पड़े हैं।
दुनिया में पांचवें पायदान पर पहुंचे विराट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 335 कैच के साथ विराट कोहली दुनिया में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले फील्डर्स में पांचवें पायदान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में पहले पायदान पर 440 कैच के साथ श्रीलंका के महेला जयवर्धने हैं। दूसरे पायदान पर रिकी पॉन्टिंग(364), तीसरे पर रॉस टेलर(351) चौथे पर जैक कैलिस(338) और पांचवें पर विराट कोहली(335*) हैं।
