Virat Kohli, Shubman Gill, IND vs SL: भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को तिरुवनंतपुरम में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में नया इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने ना सिर्फ साल की पहली वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया बल्कि 317 रनों की ऐसी जीत के साथ किया जो भारतीय वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत साबित हुई। इस जीत में सबसे बड़ा योगदान रहा विराट कोहली (नाबाद 166) और शुभमन गिल (116) का जिन्होंने भारत को 390 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। बाद में गेंदबाजों ने श्रीलंका को 73 रन पर समेट दिया। मैच के हीरो विराट और शुभमन ने बाद में अपनी इस सफलता के पीछे तीन और लोगों का योगदान बताया, ये एक दिलचस्प वीडियो रहा।
विराट कोहली और शुभमन गिल भारत के थ्रोडाउन तिकड़ी के साथ (BCCI)
भारत के लिए सीरीज में दूसरा और अपने वनडे करियर का 46वां शतक जड़ने वाले विराट कोहली ने युवा शतकवीर ओपनर शुभमन गिल के साथ मैच के बाद बातचीत की जिसका वीडियो बीसीसीआई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया है। इस वीडियो में सबसे खास बात ये रही कि दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ के तीन ऐसे सदस्यों का परिचय कराया जिन्होंने पर्दे के पीछे रहते हुए भारतीय टीम व बल्लेबाजों की सफलता में अहम भूमिका निभाई है और निभाते आ रहे हैं।
यहां बात हो रही है भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़े थ्रोडाउन विशेषज्ञों (Throwdown Specialists) की। भारत के ये थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट बिना रुके, बिना थके लगातार घंटों तक नेट्स में भारतीय बल्लेबाजों को गेंदें फेंकते हुए अभ्यास कराते हैं। यही वजह है कि पिच पर विराट और शुभमन जैसे बल्लेबाज धाकड़ लय में नजर आने लगे हैं। इन तीनों का परिचय कराते हुए विराट कहते हैं, "ये हैं रघु, दया और नुवान। ये तीनों हमको रोज 145 kmph और 150 kmph की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए नेट्स सत्र में अभ्यास कराते हैं और मैच के लिए तैयार कराते हैं। इन्होंने मेरी सफलता में बड़ा योगदान दिया है। इसलिए सभी को इनके नाम और चेहरे याद रखने चाहिए। शुक्रिया तुम तीनों को।"
विराट कोहली ने आगे कहा, "ईमानदारी से कहूं तो इनका योगदान अद्भुत रहा है। ये हर दिन हमको विश्व स्तरीय अभ्यास कराते हैं। इन्होंने मेरे करियर में बड़ा अंतर पैदा किया है। जैसा क्रिकेटर मैं पहले था और जो मैं आज हूं, काफी बड़ा श्रेय इनको जाता है। मेरा मानना है कि शुभमन को भी ऐसा ही लगता होगा।"
देखिए बीसीसीआई द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो
.@imVkohli & @ShubmanGill reflect on the efforts put behind the scenes, courtesy this trio of throwdown specialists… t.co/NvDvA4U8Tb
— ANI (@ANI) Jan 16, 2023
अगर मैच की बात करें तो भारत पहले बल्लेबाजी करने उतरा था और 95 रनों का ओपनिंग पार्टनरशिप के बाद कप्तान रोहित शर्मा (43) आउट हो गए। इसके बाद शुरू हुआ विराट और शुभमन का धमाल। विराट कोहली ने 110 गेंदों में नाबाद 166 रनों की पारी खेली जिसमें 8 छक्के और 13 चौके शामिल थे। जबकि शुभमन ने 97 गेंदों में 116 रनों की पारी खेली जिसमें 14 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दोनों के दम पर भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 390 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
जवाब में उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई और देखते-देखते पूरी मेहमान टीम 22 ओवर में 73 रन पर सिमट गई जिसके कारण भारत ने 317 रन से अपने वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज सबसे सफल रहे जिन्होंने 4 विकेट झटके। जबकि मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट लिए। विराट कोहली को 'मैन ऑफ द मैच' के साथ-साथ 'मैन ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड भी दिया गया।
