शिखर धवन की अगुवाई में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। भारत ने तीसरे और निर्णायक वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से रौंदा। भारत के लिए यह सीरीज जीतना इसलिए खास है, क्योंकि उसने रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की गैर मौजूदगी में विजयी परचम फहराया। बता दें कि भारतीय टीम के मुख्य खिलाड़ी टी20 विश्व कप 2022 में अपना दमखम दिखाने के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं।
कप्तान शिखर धवन बने 'डांस टीचर'
धवन ने मैदान पर तो टीम इंडिया की कप्तानी की है लेकिन उन्होंने जश्न मनाने में भी खिलाड़ियों का नेतृत्व किया। अपने मस्तमौला अंदाज के लिए मशहूर धवन ने 'डांस टीचर' बनकर महफिल लूट ली। उन्होंने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को 'तारा रा रा' गाने पर ठुमके लगाना सिखाया। पूर्व दिग्ज क्रिकेटर और एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धवन खिलाड़ियों को डांस स्टेप सिखाते हुए नजर आ रहे हैं। मालूम हो कि हेड कोच राहुल द्रविड़ के ऑस्ट्रेलिया रवाना होने के कारण लक्ष्मण को कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।लक्ष्मण ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, 'धवन ना सिर्फ मैदान पर बल्कि मैदान के बाहर भी टीम की अगुवाई कर रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन माहौल है, जोकि शानदार बात है। बोलो तारा रा रा।' वीडियो पर लगातार कमेंट आ रहे हैं और यूजर्स टीम इंडिया के खिलाड़ियों की बॉन्डिंग की खूब सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'जूनियर और सीनियर के बीच मजबूत बॉन्डिंग देखकर बहुत अच्छा लगा।' अन्य यूजर ने लिखा, 'टीम इंडिया का जश्न देखकर मजा आ गया।'
. @SDhawan25 leading the team not just on the field, but off the field as well. Brilliant camaraderie among the bo… t.co/Z29XNl8p28
— ANI (@ANI) Oct 11, 2022
गौरतलब है कि भारत के लिए वनडे सीरीज की शुरुआत सकारात्मक नहीं रही थी। भारत को पहले मैच में 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 रन से हार का मुंह देखना पड़ा था। हालांकि, भारतीय टीम दूसरे वनडे में वापसी करने में सफल रही। भारत ने 279 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की। टीम इंडिया ने आखिरी मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका को 99 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने यह मुकाबला 19.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर जीत लिया।
