वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात के खिलाफ मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वैभव ने अपने आईपीएल करियर का आगाज छक्के के साथ किया था और तीसरे ही मैच में उन्होंने अपनी ऐतिहासिक पारी से दुनिया को अपना मुरीद बना लिया। वैभव 38 गेंद में 101 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 11 छक्के लगाए। उन्होंने आईपीएल में 15 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव ने युसूफ पठान के 37 गेंद में लगाई गई सेंचुरी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए केवल 35 गेंद में सेंचुरी पूरी की।
वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)
ऐतिहासिक पारी के बाद क्या बोले वैभव
रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाले वैभव सूर्ववंशी को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने अपनी ऐतिहासिक पारी पर बोलते हुए कहा 'यह एक बहुत अच्छा अनुभव है। यह मेरा पहला शतक है आईपीएल में और यह मेरी तीसरी पारी है। टूर्नामेंट से पहले की प्रैक्टिस के परिणाम अब नजर आ रहे हैं। मैं ज्यादा गेंदबाजों के बारे में नहीं सोचता, बस गेंद को देखता हूं और खेलता हूं। जायसवाल के साथ बल्लेबाजी करना शानदार रहा। वे मुझे बताते हैं कि क्या करना है? आईपीएल में शतक बनाना हमेशा से एक सपना रहा है और आज वह साकार हुआ। मुझे डर नहीं लगता है। मैं ज्यादा नहीं सोचता, बस खेल पर ध्यान केंद्रित करता हूं।
वैभव की पारी से राजस्थान की रिकॉर्डतोड़ जीत
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 210 रन का लक्ष्य केवल 15.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव ने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 71 गेंद में रिकॉर्डतोड़ 166 रन की साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल ने 40 गेंद में नाबाद 70 रन की पारी खेलकर मैच को फिनिश किया। जायसवाल ने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए।
