व्हाइट बॉल क्रिकेट में धमाल मचाने वाले वैभव कितनी बार कह चुके हैं कि उनका सपना तीनों फॉर्मेट खेलने का है और इस सपने को लेकर अब उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट में तैयारी शुरू कर दी है। दलीप ट्रॉफी को ध्यान में रखते हुए वह इस फॉर्मेट में पसीना बहा रहे हैं। दरअसल नागपुर के करीब तेलगांव में फिलहाल राजस्थान रॉयल्स का कैंप लगा है जहां वैभव सूर्यवंशी सहित कई खिलाड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। वैभव के अलावा इस कैंप में तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, रवि सिंह और सुशांत मिश्रा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)
विक्रम राठौर करा रहे हैं तैयारी
वैभव सूर्यवंशी पूर्व भारतीय बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर की निगरानी में तैयारी कर रहे हैं। वैभव पहले कई बार कह चुके हैं कि यह लोगों का पूर्वाग्रह है कि मैं केवल व्हाइट बॉल क्रिकेट खेल सकता हूं। उन्होंने कहा कि वह व्हाइट बॉल में जितने कंफर्ट हैं उतने ही रेड बॉल क्रिकेट में भी दम रखते हैं। आईपीएल 2026 सीजन के बाद भी जब उन्होंने सुनील गावस्कर से बात की थी तब भी बताया था कि वह इस फॉर्मेट में खूब प्रैक्टिस कर चुके हैं। वैभव ने कहा था कि उनके पिता, गावस्कर का वीडियो दिखाकर उन्हें प्रैक्टिस कराया करते थे।
दलीप ट्रॉफी का हिस्सा हैं कई खिलाड़ी
राजस्थान रॉयल्स ने जो 10 दिन का कैंप लगाया है, उसमें कुछ खिलाड़ी ऐेसे हैं जो दलीप ट्रॉफी खेलने वाले हैं। राजस्थान के इस ग्रुप में वैभव सूर्यवंशी और तुषार देशपांडे ईस्ट जोन और वेस्ट जोन का हिस्सा हैं। सूर्यवंशी ईस्ट जोन के उप-कप्तान हैं। दलीप ट्रॉफी का आगाज 23 अगस्त से होने जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी का फर्स्ट क्लास करियर
वैभव सूर्यवंशी ने जनवरी 2024 में मुंबई के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। 8 मैच की 12 पारी में उन्होंने 207 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक जड़ा है और उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 93 रन रहा है।
