Vaibhav Sooryavanshi in Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 का 20वां एडिशन जापान के आइची-नागोया में शुरू हो चुका है। इसमें 43 खेलों के 469 मेडल इवेंट में 45 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंच चुके हैं। भारत के भी 501 खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा लेने जापान पहुंच चुके हैं। भारतीय टीम में 267 पुरुष खिलाड़ी और 234 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों में सबसे खास बात यह है कि 314 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहली बार एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो साभार- BCCI)
वैभव सूर्यवंशी सबसे युवा खिलाड़ी
भारत के 501 खिलाड़ियों के बीच 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है। वह भारतीय दल के सबसे युवा खिलाड़ी हैं। वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम के साथ हिस्सा लेने एशियन गेम्स में पहुंचे हैं। जहां भारतीय टीम अपने गोल्ड मेडल को बचाने के लिए चुनौती पेश करेगी। जहां एक तरफ वैभव सूर्यवंशी सबसे युवा खिलाड़ी हैं, वहीं श्रुति वोरा भारत की तरफ से भाग लेने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। घुड़सवारी में हिस्सा लेने वाली श्रुति की उम्र 55 साल है।
भारत ने अब तक जीते हैं 778 मेडल
गौरतलब है कि एशियन गेम्स में भारत की तरफ से एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा 79 खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके बाद हॉकी में 40 खिलाड़ी, क्रिकेट और शूटिंग में 30-30 खिलाड़ी, कबड्डी में 24 और रोइंग में 22 भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। भारत ने 1951 से 2022 तक एशियन गेम्स में 778 मेडल अपने नाम किए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 183 गोल्ड, 238 सिल्वर और 357 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। अगर ऑल टाइम मेडल टेबल की बात करें तो भारत इमसें पांचवें नंबर पर है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- ना विराट कोहली ना रोहित शर्मा, पैट कमिंस ने इस भारतीय खिलाड़ी को बताया सबसे मुश्किल बल्लेबाज
36 खेलों में हिस्सा लेगा भारत
जापान एशियन गेम्स के 43 में से 36 खेलों में भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें कुल 256 इवेंट शामिल हैं। इनमें एथलेटिक्स के 43 इवेंट, शूटिंग के 27 इवेंट, कयाकिंग-कैनोइंग के 14 इवेंट, साइकिलिंग ट्रैक के 11 इवेंट और बैडमिंटन के 7 इवेंट शामिल हैं। बात अगर क्रिकेट की करें तो भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमें टी-20 प्रारूप में इसमें हिस्सा ले रही हैं।
