पटना: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों के लिए बिहार की 17 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है। यह पहला मौका होगा जब सूर्यवंशी बिहार की सीनियर टीम की अगुआई करेंगे। बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) ने शुक्रवार को टीम की घोषणा करते हुए सूरज कश्यप को उपकप्तान नियुक्त किया।
वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट BCCI X)
बिहार को ग्रुप बी में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, रेलवे, सौराष्ट्र और तमिलनाडु के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मुकाबला 14 नवंबर को इंदौर में सौराष्ट्र के खिलाफ खेलेगी। बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि इस जिम्मेदारी से सूर्यवंशी को एक अच्छे नेतृत्वकर्ता के रूप में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा,'सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता का शानदार प्रदर्शन किया है। हमें उम्मीद है कि उनकी कप्तानी में टीम अनुशासित और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलेगी।'
ऐसा रहा है वैभव का अंतरराष्ट्रीय करियर
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने वाले सूर्यवंशी भारतीय टी20 टीम के लिए भी पदार्पण कर चुके हैं। वह अब तक 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में भी शानदार प्रदर्शन किया था। वह 16 पारियों में 776 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237 से अधिक का रहा। उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर भारत को 100 रन से जीत दिलाई थी।
न्यूजीलैंड दौरे पर तीसरे मुकाबले में किया शानदार प्रदर्शन
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी में 19 गेंदों पर 45 रन बनाए। मंगल महरौर और शाकिब हुसैन को बिहार के शुरुआती दो मैचों के बाद फिटनेस जांच के आधार पर टीम में शामिल किया जाएगा।
बिहार की टीम:
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।(भाषा)
