USA vs NED, T20 World Cup 2026: अमेरिका ने नीदरलैंड को पटखनी देकर दर्ज की टी20 विश्व कप में पहली जीत, बल्लेबाजी में साईतेजा और गेंदबाजी में हरमीत चमके

अमेरिका ने नीदरलैंड के चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 93 रन के अंतर से पटखनी देकर टी20 विश्व कप 2026 में अपनी पहली जीत दर्ज की। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

चेन्नई: अमेरिका ने साईतेजा मुक्कमल्ला (79 रन) के अर्धशतक और बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह (21 रन देकर चार विकेट) के चार विकेट की मदद से शुक्रवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में नीदरलैंड को 93 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। अमेरिका की यह नीदरलैंड पर टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली जीत है। मुक्कमल्ला और अंत में शुभम रंजने की नाबाद 48 रन की पारी से अमेरिका ने छह विकेट पर 196 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। मुक्कमल्ला की 51 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े थे।

USA vs NED T20 World Cup 2026

अमेरिका बनाम नीदरलैंड, टी20 विश्व कप 2026

हरमीत सिंह की फिरकी में फंसे नीदरलैंड के बल्लेबाज

फिर पूर्व भारतीय अंडर-19 स्टार हरमीत के चार ओवर में चार विकेट और शाडली वान शाल्कविक के 2.5 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट झटकने से अमेरिका ने नीदरलैंड को 15.5 ओवर में महज 103 रन पर समेट दिया। हरमीत का यह प्रदर्शन अमेरिका के लिए टी20 विश्व कप मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। मोहम्मद मोहसिन ने तीन ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके। बाएं हाथ के स्पिन नोसतुश केंजिगे को भी एक विकेट मिला। नीदरलैंड का कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। उसके लिए बास डि लीडे 23 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उनके अलावा कप्तान स्कॉट एड्वर्ड्स ने 20 रन का योगदान दिया।

End of Feed