U19 World Cup 2026, england u-19 vs pakistan u-19: पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ हार के साथ की विश्व कप में शुरुआत

पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम को विश्व कप में अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जानिए कैसा रहा मैच का हाल।

england u-19 vs pakistan u-19 Highlights: फरहान यूसुफ की कप्तानी वाली पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम को जिंबाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जा रहे विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड की टीम मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.5 ओवर में 210 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद जीत के लिए 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड की कसी हुई गेंदबाजी के खिलाफ 46.3 ओवर में 173 रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसुफ की 65 रन की पारी पर पानी फिर गया और इंग्लैंड ने मुकाबला 37 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया।

England U19 Cricket team

इंग्लैंड अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ICC X)

210 रन पर सिमटी इंग्लैंड की टीम

हरारे के ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम 46.5 ओवरों में 210 रन पर सिमट गई। बीजे डॉकिन्स और जोसेफ मूर्स की सलामी जोड़ी ने 7 ओवरों में 33 रन की साझेदारी की। जोसेफ 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डॉकिन्स ने 38 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेली। यह टीम 90 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से राल्फी बी अल्बर्ट ने कैलेब फॉल्कनर के साथ पांचवें विकेट के लिए 86 गेंदों में 80 रन जोड़कर टीम को 170 के स्कोर तक पहुंचाया। अल्बर्ट 37 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फाल्कनर ने 73 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 66 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से अहमद हुसैन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, अली रजा, अब्दुल सुभान और मोमिन कमर ने 2-2 विकेट निकाले।

End of Feed