Tushar Deshpande Hat Trick: मुंबई के गेंदबाज तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के एक मुकाबले में चंडीगढ़ के खिलाफ हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी है। तुषार की यह हैट्रिक पारी के 11वें ओवर में आई। उन्होंने 11वें ओवर की तीसरी, चौथी और 5वीं गेंद पर विकेट लेकर चंडीगढ़ की हालत खस्ता कर दी। तुषार का पहला शिकार अर्जुन आजाद बने जो 33 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच सिलवेस्टर डिसूजा ने पकड़ा। तुषार का दूसरा शिकार शिवम भंबरी बने जिन्हें उन्होंने क्लीन बोल्ड किया। तुषार ने दीपेंद्र कुश को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। तुषार की हैट्रिक के बाद चंडीगढ़ का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 24 रन हो गया।
तुषार देशपांडे (साभार-BCCI Domestic)
तुषार ने अगले ही ओवर में पूरा किया फाइफर
तुषार यहीं नहीं रुके अगले ओवर में उन्होंने राज बावा को आउट कर अपना फाइफर लिया। उन्होंने 6.3 ओवर में केवल 15 रन देकर अपना फाइफर पूरा किया। तुषार देशपांडे मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक लेने वाले छठे गेंदबाज बने हैं। आखिरी बार शार्दूल ठाकुर ने जनवरी 2025 में मेघालय के खिलाफ करो या मरो मैच में हैट्रिक ली थी। इससे पहले इस मुकाबले में चंडीगढ़ के कप्तान मनन वोहरा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के बल्लेबाजों ने उनके इस फैसले को पूरी तरह से गलत ठहराते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया।
