मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलरु का मुकाबला कई मायनों में खास बन गया। रिकॉर्ड के साथ-साथ इस मुकाबले के दौरान कुछ ऐसी घटनाएं घटी जो हर मैच में नहीं होता है। मुंबई के खिलाफ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फिनिशर टिम डेविड पर बीसीसीआई ने जुर्माना लगाया है। एमआई के खिलाफ मैच के दौरान डेविड को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट लेवल-1 का दोषी पाया गया है। इसके एवज में उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है जबकि एक डिमेरिट प्वाइंट भी उनके खाते में एड हो गया। इसके अलावा मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर भी जुर्माना लगाया गया है।
टिम डेविड (साभार-X)
18वें ओवर की घटना
टिम डेविड ने आरसीबी की पारी के दौरान 18वें ओवर में हार्दिक की गेंद पर मिड विकेट पर छक्का मारा। शॉट इतनी ताकतवर थी कि गेंद थोड़ी टेढ़ी हो गई। इस दौरान देखा गया कि टिम डेविड गेंद लेकर अंपायर को बता रहे हैं कि इसका आकार बदल चुका है। अंपायर उनसे गेंद लेने की लाख कोशिश करते रहे, लेकिन टिम डेविड लगातार गेंद के आकार के बारे में बात कर रहे थे। उन्होंने इशारा भी किया कि गेंद के आकार को चेक किया जाए। नियम के तहत इस पर कोई भी निर्णय अंपायर ले सकते हैं। खिलाड़ी को इसका अधिकार नहीं है। यही कारण है कि उन्हें लेवल-1 का दोषी पाया गया है।
इस मुकाबले में वह अकेले नहीं हैं। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर भी स्लो-ओवर रेट के कारण जुर्माना लगाया गया है। स्लो-ओवर रेट की बात करें तो आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत इस सीजन पहली बार मुंबई इंडियंस ने ऐसा किया है। यही कारण है कि उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मैच की बात करें तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टॉप थ्री के अर्धशतकीय पारी के दम पर 240 का स्कोर खड़ा किया और बाद में मुंबई इंडियंस को 222 के स्कोर पर रोक दिया।
