इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के खामोशी से टेस्ट क्रिकेट से विदा लेने पर भारत के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर अनिल कुंबले (Anil Kumble) को हैरानी हुई है जिनका मानना है कि इन दोनों सीनियर बल्लेबाजों को मैदान पर विदाई मिलनी चाहिये थी। कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से विदा ली जिन्होंने 123 मैचों में 46 . 85 की औसत से 30 शतक समेत 9230 रन बनाये। इससे पहले पिछले बृहस्पतिवार को रोहित ने पारंपरिक प्रारूप को अलविदा कहा था।
अनिल कुंबले
कुंबले ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ से कहा, "यह बड़ी हैरानी की बात है । दो महान खिलाड़ी कुछ दिन के अंतर पर ही विदा हो गए । मुझे ऐसा लगा नहीं था । मैं हैरान रह गया हूं । मुझे लगा था कि अभी तक कुछ साल और टेस्ट क्रिकेट खेल सकता है।" उन्होंने कहा, "अब वह सिर्फ एक दिवसीय प्रारूप खेलेगा । कोई खिलाड़ी खेद के साथ नहीं जाता और मुझे यकीन है कि उसने इस पर काफी विचार किया होगा । आखिर में यह उसका फैसला है।"
भारत के लिये सर्वाधिक 619 टेस्ट विकेट लेने वाले कुंबले ने कहा कि इस दर्जे के खिलाड़ियों को प्रशंसकों के सामने विदा लेने का मौका मिलना चाहिये। उन्होंने कहा, "ये काफी खामोशी से चले गए । हर खिलाड़ी को अपने हिसाब से विदा लेनी चाहिये लेकिन मैदान पर से । आर अश्विन के संन्यास के समय भी हमने यह बात कही थी । श्रृंखला के बीच में उसने संन्यास का ऐलान किया और आस्ट्रेलिया से भारत लौट आया।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इन तीनों (रोहित, विराट और अश्विन) को मैदान से विदाई देनी चाहिये थी । मेरा मानना है कि अधिकारियों को इस पर सोचना चाहिये । मुझे पता है कि यह सोशल मीडिया का जमाना है और प्रशंसक अपने सामने उन्हें विदा होते देखना चाहते होंगे।"
कठिन होगा इंग्लैंड का दौरा
भारतीय टीम को 20 जून से इंग्लैंड का पांच टेस्ट का दौरा करना है और कुंबले ने कहा कि कोहली इस चुनौतीपूर्ण दौरे पर अहम भूमिका निभा सकते थे। उन्होंने कहा , "रोहित संन्यास ले चुका है और काफी समय कप्तान रहा । विराट भारत का सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहा है और इन दोनों में से एक को उस दौरे पर रहना चाहिये था। इंग्लैंड दौरा कठिन होगा।"
