नई दिल्ली: टीम इंडिया 15 अगस्त, 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गॉल में श्रीलंका के खिलाफ अपना ऐतिहासिक 600वां टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार है। भारत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इस अहम मुकाम तक पहुंचने वाला तीसरा देश बन जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ऐतिहासिक टेस्ट खेलने उतरेगी। टीम इंडिया ने अपना 500वां टेस्ट 22 सितंबर, 2016 को कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट कोहली की कप्तानी में खेला था। टीम इंडिया को 500 से 600 से टेस्ट मैच का सफर पूरा करने में तकरीबन एक दशक लंबा समय लगा है।
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट AI Generated)
टीम इंडिया बनेगी 600+ टेस्ट खेलने वाली तीसरी टीम
1932 में पहला टेस्ट खेलने वाली टीम इंडिया इस मुकाम पर पहुंचने वाली दुनिया की तीसरी टीम बनी है। 600 टेस्ट के आंकड़े तक पहुंचने में टीम इंडिया को 94 साल लगे हैं। सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम दर्ज है। 149 साल के इतिहास में इंग्लैंड ने सबसे ज्यादा 1097 टेस्ट खेले हैं। एक हजार से ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाली इंग्लैंड अकेली टीम है। इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम है। ऑस्ट्रेलिया ने अबतक कुल 882 टेस्ट खेले हैं। इसके बाद टीम इंडिया 599 टेस्ट के साथ सूची में तीसरे पायदान पर काबिज है। भारत के बाद सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के मामले में चौथे स्थान पर वेस्टइंडीज की टीम 596 के आंकड़े के साथ है। न्यूजीलैंड की टीम 487 टेस्ट के साथ पांचवें और दक्षिण अफ्रीका 479 टेस्ट के साथ छठे पायदान पर है। पाकिस्तान 471 टेस्ट के साथ सातवें नंबर पर है।
ऐसा रहा है टेस्ट में टीम इंडिया का प्रदर्शन
टीम इंडिया को अबतक खेले 599 टेस्ट मैच में से 186 में जीत मिली है जबकि 188 मुकाबलों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं 244 मैच ड्रॉ रहे और एक मैच टाई हुआ। ये मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच साल 1986 में खेला गया था। टीम इंडिया को 31.13 प्रतिशत मैचों में जीत मिली है और 37.39 प्रतिशत मुकाबला ड्रॉ रहे हैं। सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने के मामले में टीम इंडिया पांचवें स्थान पर है। सबसे ज्यादा 426 टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। उसके बाद दूसरे पायदान पर 405 जीत के साथ इंग्लैंड है। 191 मैच में जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका तीसरे, 187 जीत के साथ वेस्टइंडीज चौथे और 186 मैच में जीत के साथ पांचवें पायदान पर है।
