गुवाहाटी: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम के खेमे से एक अच्छी खबर आई है। गुवाहाटी में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम के साथ दीपक चाहर को मुकेश कुमार की जगह शामिल किया गया। मुकेश कुमार भारतीय टीम से छुट्टी लेकर विवाह बंधन में बंधने गए हैं। उन्होंने अपनी शादी के लिए बीसीसीआई से सीरीज के बीच छुट्टी मांगी थी। बीसीसीआई ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया और टीम से रिलीज कर दिया। मुकेश कुमार विवाह के बाद रायपुर में खेले जाने वाले चौथे टी20 के लिए टीम से जुड़ जाएंगे।
मुकेश कुमार अपनी मंगेतर के साथ (साभार Mukesh Kumar Instagram)
फरवरी में की थी मुकेश ने गर्लफ्रेंड से सगाई
बिहार के गोपालगंज से ताल्लुक रखने वाले तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने इसी साल फरवरी में अपनी गर्लफ्रेंड दिव्या के साथ पारिवारिक समारोह में सगाई की थी। इस बात की जानकारी मुकेश ने अपने इन्स्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें साझा करके दी थी। मुकेश की होने वाली पत्नी भी बिहार की ही रहने वाली हैं। मुकेश कुमार ने साल 2023 के आईपीएल नीलामी में सुर्खियों में आए थे जब उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 5.5 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर अपने दल में शामिल किया था। इसके बाद इसी साल वेस्टइंडीज दौरे पर मुकेश को भारतीय टीम के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों में डेब्यू करने का मौका मिल गया। हालांकि मुकेश टीम में लगातार बने हुए हैं लेकिन कोई बड़ा कारनामा अबतक नहीं कर पाए हैं।
जीवन का सबसे बड़ा मैच खेलने गए हैं मुकेश: सूर्या
कप्तान सूर्यकुमार यादव में गुवाहाटी टी20 से पहले मुकेश कुमार के टीम से बाहर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुकेश अपने जीवन का सबसे बड़ा मैच खेलने यानी शादी करने गए हैं। इस वजह से वो टीम में आज नहीं हैं। पूरी टीम इंडिया की ओर से उन्हें विवाह बंधन में बंधने के लिए बहुत शुभकामनाएं।
