IND vs ENG 4th Test: टीम इंडिया ने शुरू किया अभ्यास, चोटिल हुआ तेज गेंदबाज

लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रन के अंतर से हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम ने मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होने जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट मैच की तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन अभ्यास के दौरान तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह चोटिल हो गए।

बेकेनहैम: आमतौर पर भीड़ से घिरी रहने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को आराम के माहौल में ट्रेनिंग पसंद है और यह बात मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट से पहले केंट काउंटी क्रिकेट ग्राउंड में अपने एकमात्र अभ्यास सत्र में खिलाड़ियों के शारीरिक हावभाव से साफ दिखाई दे रही थी। लॉर्ड्स में मिली हार के तीन दिन बाद लंदन से एक घंटे की यात्रा के बाद टीम बस से उतरते समय भारतीय खिलाड़ी थके हुए लग रहे थे लेकिन बेकेनहैम माहौल ने उनका मनोबल तुरंत बढ़ा दिया। ड्रेसिंग रूम में बज रहे विविध संगीत ने खिलाड़ियों को सहज महसूस कराया जिसमें हनुमान चालीसा, अंग्रेजी पॉप से लेकर लोकप्रिय पंजाबी गाने तक शामिल थे। ऊपर ड्रेसिंग रूम से ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी मैदान से ट्रेनिंग सत्र पर नजर रख रहे पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।

Indian Cricket team

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

पंत और बुमराह ने नहीं किया अभ्यास

जब एक पत्रकार ने दूर से पंत से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने पीछे बज रहे संगीत के साथ ‘कुछ सुनाई नहीं दे रहा है’ कहकर जवाब दिया। तभी बुमराह ने बीच में आकर अपने साथी खिलाड़ी का मजाक उड़ाया। भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ ने कहा ‘आज दुग्गल जी बहरे हैं’ जिसके बाद भारतीय मीडिया ने खूब ठहाके लगाए। यह एक लोकप्रिय हिंदी फिल्म की पंक्ति थी। पंत और बुमराह दोनों ने केवल वार्म-अप किया और जिम में भी कुछ समय बिताया। गौरतलब है कि पंत अंगुली की चोट से उबर रहे हैं लेकिन मैनचेस्टर मैच के लिए उनके पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है। दूसरी ओर काम के बोझ के प्रबंधन के तहत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने भी गेंदबाजी नहीं की। यह देखना होगा कि श्रृंखला के अगले टेस्ट में दोनों में से किसी को आराम दिया जाता है या नहीं।

End of Feed