मुंबई: पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप खिताब के लिए भारत को बड़ा दावेदार करार देते हुए सोमवार को कहा कि चैम्पियन बनने के लिए इस टीम को आखिरी दो नॉकआउट मैचों में विजेता बनना होगा।
भारतीय क्रिकेट टीम
भारतीय टीम को एकदिवसीय विश्व कप में शानदार अभियान के बाद फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
शास्त्री ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा कि 'कुछ भी आसानी से नहीं मिलता। यहां तक कि महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को भी विश्व कप जीतने के लिए छह विश्व कप का इंतजार करना पड़ा। आप विश्व कप (आसानी से) नहीं जीतते, एक विश्व कप जीतने के लिए आपको बहुत मेहनत करनी पड़ती है। उस बड़े दिन (फाइनल) अच्छा प्रदर्शन करना होता है।'
वर्ल्ड कप जीतने के लिए फाइनल में परफॉर्म करना जरूरी
रवि शास्त्री ने कहा कि 'जब आप शुरुआती बाधा को पार कर लेते हैं तो सिर्फ शीर्ष चार टीम होती हैं और आपको आखिरी दो मैच में अच्छा करना होता है। उन दो मैचों में अगर आपका प्रदर्शन अच्छा रहा तो आप चैम्पियन बनते हैं। ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा ही किया, वे अपने शुरुआती दो मैच हार गये थे लेकिन उन्होंने जब अच्छे प्रदर्शन की जरूरत थी तब अच्छा किया।'
