IND vs AUS 2nd ODI: कंगारू तेज गेंदबाजों ने ढाया कहर, विशाखापट्टनम में ताश के पत्तों की तरह ढही टीम इंडिया

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 19, 2023, 04:20 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में मिचेल स्टार्क की अगुवाई वाले कंगारू पेस अटैक की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने 26 ओवर में 117 रन बनाकर ढेर हो गई।

विशाखापट्टनम: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले वनडे में 189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बमुश्किल जीत दर्ज करने के बाद विशाखापट्टनम में टीम इंडिया का हाल बेहाल हो गया। बांए हाथ के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की कहर बरापती गेंदबाजी का सामना टीम इंडिया के बल्लेबाज नहीं कर पाए और पूरी टीम 26 ओवर में महज 117 रन बनाकर ढेर हो गई। मिचेल स्टार्क ने 53 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। 117 रन टीम इंडिया का घरेलू सरजमीं पर वनडे क्रिकेट में चौथा सबसे कम और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे छोटा स्कोर है।

india-vs-Australia-2nd-ODI

विशाखापट्टनम वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आउट होकर पवेलियन वापस लौटते रोहित शर्मा

4 भारतीय बल्लेबाज नहीं खोल पाए खाता

स्टार्क सबसे सफल ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज रहे उन्होंने 8 ओवर में 53 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए। करियर में नौवीं बार उन्होंने वनडे में पांच या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। उनके अलावा सीन एबॉट ने 3 और नॉथन एलिस ने 2 विकेट अपने नाम किए। सात भारतीय खिलाड़ी दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सके, जबकि चार तो खाता भी नहीं खोल पाए। विराट ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए।

End of Feed